बिजनौर में सीएम योगी बोले, भाजपा को जिताया होता तो अलग ही होती नगीना-नूरपुर की तस्वीर
बिजनौर, अमृत विचार। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को बिजनौर के ग्राम मकसूदनपुर देवीदास उर्फ स्वाहेड़ी में निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज के प्रांगण में बने मंच से जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार ने प्रदेश में खूब विकास करवाया है। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में दो से चार हजार करोड़ रुपये की विकास योजनाओं पर …
बिजनौर, अमृत विचार। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को बिजनौर के ग्राम मकसूदनपुर देवीदास उर्फ स्वाहेड़ी में निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज के प्रांगण में बने मंच से जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार ने प्रदेश में खूब विकास करवाया है। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में दो से चार हजार करोड़ रुपये की विकास योजनाओं पर कार्य हो चुका है। यदि नगीना और नूरपुर में भी आप लोगों ने पार्टी के प्रत्याशी को जिता दिया होता तो आज यहां की तस्वीर भी अलग ही होती।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार अपराह्न 3:20 बजे उनका उड़न खटोला सभा स्थल पर उतरा। हैलीपैड पर पदाधिकारियों ने उनकी अगवानी। वहां से वह सीधा हवन स्थल पर पहुंचे और यज्ञ वेदी में आहुति प्रदान कीं। उसके बाद मेडिकल कॉलेज का शिलान्यास किया, जिसके बाद सीधा मंच पर पहुंचे। उनके मंच पर पहुंचते ही जनता ने जय श्रीराम के नारों के साथ पुरजोर स्वागत किया।

मुख्यमंत्री ने भी होठों पर मुस्कान के साथ हाथ हिला कर जनता का अभिवादन स्वीकार किया। मंच पर उपस्थित मंत्रियों, विधायकों व आदि ने फूलमालाएं पहना कर उनका अभिनंदन किया। इसके साथ ही उन्हें भगवान श्री कृष्ण की प्रतिमा भी भेंट की। स्वागत के उपरांत मुख्यमंत्री ने जैसे ही माइक संभाला, जनता ने एक बार फिर जय श्रीराम के उद्घोष से उनका स्वागत किया। अपने भाषण का आरंभ उन्होंने महात्मा विदुर और उनकी जन्मस्थली को नमन करते हुए की।

सीएम ने कहा कि यह मां गंगा के आंचल में बसी यह विदुर जैसे महात्मा की धरती है, यहां आकर मैं धन्य हुआ। कहा कि जिस मेडिकल कॉलेज का आज शिलान्यास किया गया है, इसके लिए यहां के जनप्रतिनिधियों के साथ-साथ पूर्व सांसद राजा भारतेंदु सिंह व पूर्व सांसद डॉ. यशवंत सिंह के अथक प्रयास को भी नहीं भुलाया जा सकता। उन्होंने कहा कि अब जनपद के किसी भी व्यक्ति को उपचार के लिए मेरठ, दिल्ली या लखनऊ आदि स्थानों की दौड़ नहीं लगाना पड़ेगी। क्योंकि अब यहां पर ही चिकित्सकों की टीम तैयार होगी, जो जनता की सेवा करेंगी। इस मेडिकल कॉलेज को प्रधानमंत्री की ओर से महातमा विदुर को समर्पित किया गया है। अत: इसे महात्मा विदुर राजकीय मेडिकल कॉलेज के नाम से जाना जाएगा।
246 करोड रुपए की लागत से 18 महीने में तैयार होगा मेडिकल कॉलेज
पहले मेडिकल कॉलेज को 281. 52 करोड़ रुपये की धनराशि से तैयार किए जाना था। लेकिन, मंच से मुख्यमंत्री ने बताया कि अब यह कॉलेज मात्र 246 करोड रुपये की लागत से बेहद सुंदर ढंग से केवल 18 महीनों में तैयार होकर जनपदवासियों की सेवा में सौंप दिया जाएगा। इसका निर्माण केंद्रीय सहायता योजना फेज तीन के अंतर्गत कराया जा रहा है। पूर्ववर्ती सरकारों का नाम लिए बिना उन्होंने कहा कि देश की आजादी के बाद अब तक प्रदेश में मात्र 12 मेडिकल कॉलेज थे। भाजपा सरकार ने 2017 से 2021 के बीच 32 नए कॉलेजों का निर्माण कराया है। उन्होंने कहा कि धामपुर में 100 बेड का अस्पताल बन कर तैयार हो चुका है। कहा कि पूर्व की सरकारें प्रदेश का विकास कैसे करतीं, वे तो अपने विकास में व्यस्त रहीं। पहले गुंडे-माफिया जमीनों पर कब्जा कर गरीब जनता पर कहर बरपाते थे। घरों से बेटियों का निकलना मुश्किल हो गया था। आज किसी भी गुंडे में साहस नहीं कि वह किसी गरीब की जमीन कब्जा सके या किसी बेटी की ओर आंख उठाकर देख सके। महिलाओं के सम्मान व प्रदेश के नागरिक की आस्था के साथ खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कहा कि दंगों में क्षतिपूर्ति की भरपाई भी गुंडों की अवैध रूप से कब्जाई गई संपत्तियों को जब्त कर उन से की गई है।
प्रदेश की 30 हजार बेटियों को सौंपी जनता की सुरक्षा की जिम्मेदारी
मुख्यमंत्री ने कहा कि महिला सश्क्तिकरण की दिशा में सरकार लगातार कार्य कर रही है। प्रदेश की 30 हजार बेटियों को पुलिस में भर्ती कर उन्हें जनता की सुरक्षा का दायित्व सौंपा गया है। गोकशी की घटनाओं पर पूर्ण रूप से प्रतिबंध लगा है। बूचड़खाने बंद हो चुके हैं, गुंडे और माफिया भूमिगत हो गए हैं। सरकार की नीयत व नीति बिल्कुल साफ है। भेदभाव के बिना हर योजना का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने डॉ. भीमराव आंबेडकर के नाम पर लखनऊ में विशाल स्मारक बनाए जाने के साथ ही संत शिरोमणि रविदास के जन्म स्थल काशी में मंदिर के साथ-साथ पर्यटन के विकास को भी निर्बाध रूप से आगे बढ़ाए जाने की बात कही। बताया कि महर्षि वाल्मीकि की जन्म स्थली लालापुर में भी विकास कार्य तेजी के साथ किया जा रहा है। अयोध्या में भगवान श्रीराम का भव्य मंदिर भी तेजी के साथ निर्मित किया जा रहा है, जो तीन वर्ष में पूर्ण हो जाएगा। दुनिया में कोई भी ताकत मंदिर निर्माण को नहीं रोक सकती। मुख्यमंत्री ने पूर्व सरकारों के कार्यकाल में दंगों व आतंकी घटनाओं का जिक्र करते हुए मुजफ्फरनगर के दंगों पर भी चर्चा की। कहा कि पूर्व सरकारों में दंगों में शामिल लोगों को मुख्यमंत्री कार्यालय में सम्मानित किया जाता था। लेकिन, भाजपा सरकार में पूर्व सरकारों द्वारा भले लोगों पर दर्ज कराए गए झूठे मुकदमों को समाप्त करवा कर उन्हें न्याय दिलाने का काम किया जा रहा है।
बसों को हरी झंडी दिखा कर किया रवाना
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यक्रम में पहुंचने के लिए जनपद के विभिन्न स्थानों से जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी व कार्यकर्ता अपने-अपने क्षेत्र की जनता के साथ कार्यक्रम के लिए रवाना हुए। नूरपुर की भाजपा नेता आभा सिंह समर्थकों के साथ डायमंड कॉलोनी से कार्यक्रम स्थल के लिए रवाना हुईं। इस दौरान उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के सुशासन से प्रदेश में रामराज व्याप्त है। सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी नीतियों से जनता प्रसन्न है। इस दौरान उन्होंने 40 बसों एवं अन्य वाहनों को हरी झंडी दिखाकर सभा स्थल के लिए रवाना किया। उसके बाद समर्थकों के साथ स्वयं भी वहां के लिए चल दीं।
