रामपुर: बिजली अफसरों ने किया 24 घंटे का कार्य बहिष्कार
रामपुर, अमृत विचार। यूपी पावर कारपोरेशन चेयरमैन की नकारात्मक एवं उत्पीड़नात्मक कार्यप्रणाली के विरोध में बिजली अभियन्ताओं एवं कर्मचारियों ने आन्दोलन और तेज करते हुए बुधवार सुबह आठ बजे से गुरुवार सुबह आठ बजे तक 24 घंटे का पूर्ण कार्य बहिष्कार कर दिया। प्रबंधन स्तर की सभी बैठकों व वीडियो कॉन्फ्रेसिंग का भी बहिष्कार किया …
रामपुर, अमृत विचार। यूपी पावर कारपोरेशन चेयरमैन की नकारात्मक एवं उत्पीड़नात्मक कार्यप्रणाली के विरोध में बिजली अभियन्ताओं एवं कर्मचारियों ने आन्दोलन और तेज करते हुए बुधवार सुबह आठ बजे से गुरुवार सुबह आठ बजे तक 24 घंटे का पूर्ण कार्य बहिष्कार कर दिया। प्रबंधन स्तर की सभी बैठकों व वीडियो कॉन्फ्रेसिंग का भी बहिष्कार किया गया। संवर्गों के संगठनों ने भी कर्मचारियों की समस्याओं के प्रति उपेक्षात्मक एवं नकारात्मक कार्यशैली का विरोध किया है। इस कार्य बहिष्कार से उपभोक्ताओं को कड़ी परेशानी झेलनी पड़ी है।
विद्युत कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति के बैनर तले सभी कर्मचारी, जूनियर इंजीनियर एवं अभियन्ता अन्य कर्मचारियों ने जिले में सुबह 8 बजे से 24 घण्टे का कार्य बहिष्कार किया और सर्कल कार्यालय मालगोदाम बिजली घर पर धरना देकर बैठ गए। इसके साथ ही पश्चिमांचल डिस्कॉम में विगत कई दिनों से चल रहा आंदोलन तेजी पकड़ गया।
अभियन्ताओं अधिकारियों, अवर अभियंता और सभी कर्मचारियों ने पूरे पश्चिमांचल डिस्कॉम के सभी 14 जनपदों में पूर्ण कार्य बहिष्कार कर विरोध प्रदर्शन किया। विद्युत कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति, पश्चिमांचल इकाई के संयोजक सीपीसिंह ने बताया कि यह आंदोलन सिर्फ चेतावनी स्वरूप है। अभी बड़े लोकल फाल्ट का विरोध है। अगर सुधार नहीं हुआ तो लोकल छोटे फाल्ट भी नहीं ठीक किए जाएंगे।
विद्युत अभियन्ता संघ पश्चिमांचल इकाई के उपाध्यक्ष इंजीनियर केके तेवतिया एवं सहायक सचिव दीपांशु सहाय ने बताया कि सभी ऊर्जा निगमों के समस्त अभियन्ता, कर्मचारी मुख्यमंत्री एवं ऊर्जा मंत्री के सबको बिजली हरदम बिजली संकल्प को साकार करने हेतु 24 घंटे कार्यरत हैं। किसी भी प्रबन्धन को अपने अधीनस्थों पर पूर्ण विश्वास करते हुए हर समय उनका मनोबल बढ़ाये रखना चाहिए। जिससे समस्त अधीनस्थ रचनात्मक सहयोग प्रदान करते हुए बेहतर उपभोक्ता सेवा प्रदान कर सकें।
अधिकारियों व कर्मचारियों के साथ उत्पीड़नात्मक कार्यवाहियां की जा रही हैं। जिससे सभी अत्यन्त मानसिक कष्ट में हैं। पश्चिमांचल के 2 दर्जन से अधिक अधिशासी अभियन्ता, सहायक अभियन्ता, अवर अभियन्ताओं को अन्य डिस्कॉम में स्थानान्तरित कर दिया गया है तथा उनके विरूद्ध कथित अनियमितता का आरोप लगाकर अभियन्ताओं की छवि को धूमिल किया जा रहा है।
उर्जा मंत्री से टकराव टालने की अपील
विद्युत कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति ने ऊर्जा मंत्री से अपील की कि ऊर्जा निगमों में चेयरमैन द्वारा निर्मित किया जा रहा अनावश्यक टकराव एवं औद्योगिक अशान्ति टालने एवं कार्य का स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराने के लिए सार्थक हस्तक्षेप करने की कृपा करें। कार्य बहिष्कार और धरना प्रदर्शन में संघर्ष समिति के सभी घटक संगठन के पदाधिकारियों और सदस्यों ने प्रतिभाग किया। जिसमें मुख्य रूप से शिव अवतार पाल, राजकुमार, राम भरोसे, सुरेश मौर्य, नरेश कुमार, मनोज, आशीष कुमार, इरफान, अभिषेक भास्कर, भीष्म कुमार, रवि कुमार आदि उपस्थित रहे।
