लखीमपुर खीरी: ग्राम प्रधान ने आवास के नाम पर वसूले लाखों रुपए
गोलागोकर्णनाथ-खीरी, अमृत विचार। बांकेगंज ब्लाक की ग्राम पंचायत हजरतपुर में पूर्व प्रधान ने आवास बनवाने के नाम पर कई लोगों से रकम ऐंठ ली। उन्हें आवास तो नहीं मिले अब पूर्व प्रधान रुपया वापस करने पर धमकी दे रहे हैं। पीड़ितों ने मैलानी थाना, एसडीएम और पंचायत राज अधिकारी खीरी को शिकायतीपत्र भेजकर पूर्व प्रधान …
गोलागोकर्णनाथ-खीरी, अमृत विचार। बांकेगंज ब्लाक की ग्राम पंचायत हजरतपुर में पूर्व प्रधान ने आवास बनवाने के नाम पर कई लोगों से रकम ऐंठ ली। उन्हें आवास तो नहीं मिले अब पूर्व प्रधान रुपया वापस करने पर धमकी दे रहे हैं। पीड़ितों ने मैलानी थाना, एसडीएम और पंचायत राज अधिकारी खीरी को शिकायतीपत्र भेजकर पूर्व प्रधान पर कार्रवाई और रुपया वापस दिलाकर आवास बनवाने की मांग की है।
ग्राम पंचायत हजरतपुर के ग्राम फरेंदा निवासी स्वर्गीय लालबिहारी की पत्नी बांसमती, राजकुमार, रामू, बलारपुर निवासी अनिल कुमार, हजरतपुर के आकाश कुमार आदि ने बीडीओ बांकेगंज, एसओ मैलानी, एसडीएम गोला, जिला पंचायत राज अधिकारी खीरी को शपथपत्र के साथ भेजे शिकायतीपत्र में कहा है कि उनकी पंचायत की पूर्व प्रधान दीक्षा जोशी पत्नी विक्रम जोशी ने अपने कार्यकाल में आवास बनवाने के नाम पर 10-10 हजार रुपए जमा करवाए। उसके बाद 30 हजार रुपए प्रति व्यक्ति से पुनः मांगे जा रहे हैं। उन्हें अब तक आवास नहीं मिला और पूर्व प्रधान से रुपया वापस मांगने पर वह धमकी देता है जिससे पीड़ित परेशान हैं।
हजरतपुर के आकाश कुमार ने अधिकारियों को भेजे पत्र में कहा है कि पूर्व प्रधान और उसके समर्थकों ने आवास निर्माण के लिए इलाहाबाद बैंक कुकरा से उसके खाते से 80 हजार रुपए निकलवा लिए। वापस मांगने पर धमकी देकर उसे रुपया भी वापस नहीं कर रहे हैं। पंचायत के सभी पीड़ितां ने अधिकारियों से पूर्व प्रधान के खिलाफ कार्रवाई और जांच कराकर पात्रों को आवास आवंटित कराने की मांग की है।
