माओवादी से सुराग जुटाने में जुटी पुलिस, घने जंगल में बनाया था हाइड आउट
अल्मोड़ा, अमृत विचार। माओवादी भास्कर पांडे की गिरफ्तारी और पुलिस रिमांड मिलने के बाद जांच अधिकारी रविवार को भाष्कर पांडे को लेकर सोमेश्वर के अलग क्षेत्रों में गए। जांच अधिकारियों ने भाष्कर पांडे से उनकी गतिविधियों के बारे में जानकारी प्राप्त की और महत्वपूर्ण सुराग जुटाने के प्रयास किए। प्रदेश के मोस्ट वांटेड माओवादी भाष्कर …
अल्मोड़ा, अमृत विचार। माओवादी भास्कर पांडे की गिरफ्तारी और पुलिस रिमांड मिलने के बाद जांच अधिकारी रविवार को भाष्कर पांडे को लेकर सोमेश्वर के अलग क्षेत्रों में गए। जांच अधिकारियों ने भाष्कर पांडे से उनकी गतिविधियों के बारे में जानकारी प्राप्त की और महत्वपूर्ण सुराग जुटाने के प्रयास किए।
प्रदेश के मोस्ट वांटेड माओवादी भाष्कर पांडे की गिरफ्तारी के बाद से ही पुलिस और एसटीएफ पूर्व में घटित हो चुकी माओवादी घटनाओं और उनकी आगे की रणनीति के बारे में सुराग जुटाने की कोशिश कर रही है। रिमांड मिलने के बाद रविवार को जांच अधिकारी सीओ तपेश कुमार चंद के नेतृत्व में पुलिस टीम महात्मा गांधी स्मारक इंटर कालेज चनौदा, प्राथमिक विद्यालय वृषभेश्वर, कोसी नदी पुल समेत कई जगहों पर अभियुक्त को लेकर गई और यहां उनके द्वारा पूर्व में की गई गतिविधियों के बारे में जानकारी प्राप्त की।
हालांकि यह पूरी कार्रवाई पूरी तरह गोपनीय रूप से की गई। लेकिन सूत्रों की मानें पुलिस को इस मामले में रविवार को महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगे हैं। बताया जा रहा है कि जांच टीम ने भाष्कर पांडे से विधानसभा चुनावों में हुई घटनाओं के बारे में पूरी जानकारी प्राप्त कर ली है। जांच टीम अभी भी माओवादी घटनाओं और उनकी आगामी रणनीति के बारे में जानकारी जुटाने का प्रयास कर रहे हैं।
भाष्कर ने घने जंगल में बनाया था हाइड आउट
माओवादी भाष्कर पांडे को रिमांड में लेने के बाद रविवार को पुलिस उसे सोमेश्वर व अन्य क्षेत्रों में पूछताछ के लिए ले गई थी। पूछताछ के दौरान भाष्कर ने बताया कि 2017 के चुनाव बहिष्कार दौरान उन्होंने द्वाराहाट और सोमेयवर विधानसभा में कई जगहों पर माओवादी पोस्टर चिपकाए। जिसके बाद छिपने के लिए उन्होंनें वृद्ध जागेश्वर के पास एक हाइड आउट बनाया था। निशानदेही पर वहां से रहने के लिए टेंट, स्लीपिंग बैग, कम्यूनिस्ट पार्टी का लाल झंडा, दराती, चूल्हे का सामान, राशन और अन्य सामग्री भी बरामद की है।
