बरेली: दौड़ते ऑटो में युवती से छेड़छाड़, कूदकर बचाई जान
बरेली, अमृत विचार। छेड़छाड़ की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं। कुछ दिनों पहले सेटेलाइट से लेकर श्यामगंज तक कार सवारों ने स्कूटी सवार युवती से छेड़छाड़ करते हुए परेशान किया। पटेल चौक पर भी युवती से छेड़छाड़ हुई। इतनी घटनाएं होने के बावजूद पुलिस की चौकसी नजर नहीं आ रही है। सोमवार को प्रेमनगर क्षेत्र …
बरेली, अमृत विचार। छेड़छाड़ की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं। कुछ दिनों पहले सेटेलाइट से लेकर श्यामगंज तक कार सवारों ने स्कूटी सवार युवती से छेड़छाड़ करते हुए परेशान किया। पटेल चौक पर भी युवती से छेड़छाड़ हुई। इतनी घटनाएं होने के बावजूद पुलिस की चौकसी नजर नहीं आ रही है। सोमवार को प्रेमनगर क्षेत्र में ऑटो से आ रही युवती की घर के पास ही स्कूटी रोककर अपहरण का प्रयास किया गया था।
मंगलवार को एक और बड़ी घटना सामने आयी। सुभाषनगर थाना क्षेत्र में इंटरव्यू देने के लिए जा रही युवती ऑटो में बैठी तो रास्ते में एक युवक ऑटो में बैठकर युवती से छेड़छाड़ करने लगा। विरोध करने पर भी युवक ने हरकतें बंद नहीं की तो युवती ने दौड़ते ऑटो से छलांग लगा दी और सीधे सुभाषनगर थाने पहुंच गई। जहां युवती की तहरीर के आधार पर प्रेमनगर के रहने वाले एक युवक के खिलाफ पुलिस ने नामजद रिपोर्ट दर्ज की है।
सुभाषनगर क्षेत्र की रहने वाली एक युवती ने बताया कि मंगलवार को उसे एक मोटर्स शोरूम में इंटरव्यू देने के लिए जाना था। इंटरव्यू के लिए वह सुबह करीब 10 बजे घर से निकली और कंपनी की ओर से भेजे गए ऑटो में सवार हुई। बताया कि बदायूं रोड स्थित एक निजी अस्पताल के पास जब ऑटो पहुंचा तो प्रेमनगर का रहने वाला लक्ष्य सक्सेना ऑटो रोककर खड़ा हो गया और ऑटो में बैठ गया। युवती लक्ष्य को पहले सा जानती थी। जिसकी वजह से उसने लक्ष्य को देखते ही पहचान लिया।
ऑटो में बैठने का विरोध किया। विरोध करने पर गुस्साए लक्ष्य ने युवती के साथ छेड़छाड़ शुरू कर दी और खींचकर अपने साथ ले जाने का प्रयास करने लगा। अस्मत बचाने के लिए युवती ऑटो से कूद गयी। सीधे अपने घर पहुंची। घर पहुंचते ही युवती मां के गले लगकर रोने लगी। मां ने बेटी से रोने की वजह पूछी तो उसने अपने साथ हुई घटना के बारे में बताया। युवती की मां उसे साथ लेकर सुभाषनगर थाने पहुंची। जहां लक्ष्य के खिलाफ छेड़छाड़ की शिकायत करते हुए तहरीर सौंपी। तहरीर के आधार पर सुभाषनगर पुलिस ने युवक के खिलाफ छेड़खानी समेत अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
ऑटो चालक की मिलीभगत से अपहरण का प्रयास
युवती ने पुलिस को बताया कि लक्ष्य परिचित था। दोनों एक-दूसरे को जानते हैं। लक्ष्य बदायूं रोड स्थित निजी अस्पताल में नौकरी करता है। मंगलवार को वह ड्यूटी पर था। इंटरव्यू के लिए जाते समय वह अस्पताल के सामने ही मिल गया था। आरोप है कि आरोपी और ऑटो चालक दोनों की मिलीभगत पहले ही हो चुकी थी। ऑटो चालक के साथ मिलकर ही आरोपी ने अपहरण का प्रयास किया था।
युवक-युवती दोनों एक-दूसरे के परिचित हैं, युवती की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी– जोखन यादव, एसएसआई, सुभाषनगर
