बरेली: बैंक खाता दिए बिना होगा धान खरीद का भुगतान

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। पिछले साल धान खरीद में उजागर हो चुकीं गड़बड़ियों पर अंकुश लगाने को शासन ने इस बार धान की क्रय नीति में कई अहम बदलाव किए हैं। किसानों को भुगतान के लिए पहले बैंक खाता संख्या देनी पड़ती थी। खाता संख्या में एक डिजिट भी गलत होने पर भुगतान नहीं हो पाता …

बरेली, अमृत विचार। पिछले साल धान खरीद में उजागर हो चुकीं गड़बड़ियों पर अंकुश लगाने को शासन ने इस बार धान की क्रय नीति में कई अहम बदलाव किए हैं। किसानों को भुगतान के लिए पहले बैंक खाता संख्या देनी पड़ती थी। खाता संख्या में एक डिजिट भी गलत होने पर भुगतान नहीं हो पाता था लेकिन अब ई-पॉश मशीन में अंगूठा लगाते ही किसान का पूरा ब्यौरा सामने आ जाएगा। इसमें खाता संख्या भी होगी, जिस पर सीधा भुगतान होगा।

डिप्टी आरएमओ सुनील कुमार भारती ने बताया कि एक अक्टूबर से जिले के 91 केंद्रों पर धान खरीद शुरू होगी। नई नीति में किसान एक बार में 50 क्विंटल से अधिक धान बिक्री नहीं कर पाएंगे। बटाई पर खेती करने वाले किसानों को खरीद से बाहर रखा गया है। प्रदेश में कार्यरत सभी एफपीओ भी इस बार खरीद में शामिल नहीं किए गए हैं।

50 क्विंटल से अधिक धान बेचने के लिए किसान को शेष धान बेचने के लिए अगले हफ्ते दूसरा टोकन लेना होगा। अगर किसान को एक क्विंटल भी धान बेचना है तो भी एसडीएम से सत्यापन कराना होगा। पूर्व की तरह बिना टोकन के खरीद नहीं होगी। प्रत्येक केंद्र की लिमिट 300 क्विंटल निर्धारित की गई है। आधार कार्ड से लिंक मोबाइल नंबर को किसानों को साथ रखना होगा क्योंकि ई-पॉश मशीन पर अंगूठा लगाते ही इसी नंबर पर ओटीपी आएगा। ओटीपी नहीं मिला तो खरीद नहीं होगी।

कुछ इस तरह आएगा किसान का पूरा ब्‍यौरा
जो खाता आधार और मोबाइल नंबर से लिंक होगा, उस पर भुगतान होगा। ई-पॉश मशीन पर अंगूठा लगाते ही डिटेल सामने आ जाएगी। सरकार ने कॉमन धान का मूल्य 1940 रुपये और ग्रेड-ए धान का मूल्य 1960 रुपये प्रति कुंतल निर्धारित किया है। क्रय केंद्रों पर कांटा, ई-पॉश मशीनें, बोरे उपलब्ध कराने के साथ अन्य व्यवस्थाएं भी कराई जा रही हैं।

धान बिक्री को किसान ऐसे करें आवेदन
धान बेचने के लिए किसान को खाद्य विभाग के पोर्टल www.fcs.up.gov.in पर पंजीकरण कराना होगा। पोर्टल खुलने पर धान खरीद के लिए किसानों को पंजीकरण वाले ऑप्शन पर जाकर कई स्टेप में मांगी गईं सूचनाएं भरनी होंगी।

संबंधित समाचार