बरेली: दो-दो हजार रुपये में बेचा परीक्षा से आधे घंटे पहले आउट किया पेपर
बरेली, अमृत विचार। डीएलएड का आउट होने वाला पेपर दो-दो हजार रुपये में बेचा गया। आरोपी शाहनूर ने परिचितों के व्हाट्सएप पर पेपर लीक किया और दो-दो हजार रुपये बैंक खाते में डालने के लिए कहा। बताते हैं कि कुछ लोगों ने रिखी सिंह इंटर कॉलेज के बाहर पेपर के प्रिंट भी कराए थे। इसके …
बरेली, अमृत विचार। डीएलएड का आउट होने वाला पेपर दो-दो हजार रुपये में बेचा गया। आरोपी शाहनूर ने परिचितों के व्हाट्सएप पर पेपर लीक किया और दो-दो हजार रुपये बैंक खाते में डालने के लिए कहा। बताते हैं कि कुछ लोगों ने रिखी सिंह इंटर कॉलेज के बाहर पेपर के प्रिंट भी कराए थे। इसके बदले उसे नकद रुपये भी मिले थे। पुलिस ने भी उसकी जेब से नकदी बरामद की थी।
डीएलएड का पेपर शाहनूर ने बदायूं की रहने वाली छात्रा के लिए प्रयागराज के आलोक के जरिए मंगाया था। यह पेपर छात्रा को माडल टाउन स्थित रिखी सिंह इंटर कालेज में पेपर दे रही छात्रा को व्हाट्सएप के जरिए दिया गया था। बुधवार को पुलिस शाहनूर को लेकर रिखी सिंह इंटर कॉलेज पहुंची और उससे वहां पर पूछताछ की गई।
पुलिस ने जब पेपर का मिलान कराया तो पेपर एक जैसा ही निकला। 11 सितंबर से डीएलएड की परीक्षाएं रिखी सिंह इंटर कालेज, बिशप मंडल, मैथोडिस्ट और साहू गोपीनाथ में हो रही हैं। तीन पालियों में हो रही परीक्षा में मंगलवार को विज्ञान, गणित और सामाजिक अध्ययन विषय का पेपर था। दोपहर 12 बजे से 1 बजे तक गणित की परीक्षा थी। परीक्षा संपन्न होने के कुछ ही देर बाद चर्चा फैल गई कि पेपर से आधा घंटे पहले ही गणित विषय का पेपर आउट हो गया है। यह मैसेज कुछ ही मिनटों में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। इसकी सूचना पुलिस को लग गई तो वह भी सेंटरों पर पहुंची और जांच में जुट गई।
पुलिस ने व्हाट्सएप ग्रुप के जरिए पूछताछ के लिए कुछ लोगों को उठा लिया और उन्हें थाना बारादरी ले आई। बदायूं के उसावा कस्बा स्थित धीमरान मुहल्ले का रहना वाला आरोपित शाहनूर ने वाट्सएप के जरिए छात्रों को पेपर उपलब्ध कराया था। हालांकि, पूछताछ में उसने एक छात्रा तक ही वाट्सएप पर पेपर पहुंचाने की बात कुबूली।
बताते हैं कि जब पुलिस ने कड़ाई से शाहनूर से पूछा तब उसने प्रेमिका और दोस्त की कहानी पुलिस को बतायी। बताया कि प्रयागराज का रहने वाला आलोक उसका फेसबुक फ्रेंड है। उसके दूसरे दोस्त की गर्लफ्रेंड की दो बार बैक आ चुकी है। वह तीसरी बार परीक्षा दे रही है।
