हल्द्वानी: व्यापार मंडल के चुनाव में सात उम्मीदवारों का फैसला करेंगे 3614 वोटर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। प्रांतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल की महानगर हल्द्वानी इकाई के चुनाव में सात उम्मीदवारों का फैसला करने के लिए 3614 वोटर मतदान करेंगे। प्रचार का शोर अब थम चुका है, एक दिन शेष है और फिर दो अक्तूबर को मतदान के बाद विजयी पदाधिकारियों की घोषणा हो जाएगी। सरस मार्केट में प्रतिनिधि …

हल्द्वानी, अमृत विचार। प्रांतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल की महानगर हल्द्वानी इकाई के चुनाव में सात उम्मीदवारों का फैसला करने के लिए 3614 वोटर मतदान करेंगे। प्रचार का शोर अब थम चुका है, एक दिन शेष है और फिर दो अक्तूबर को मतदान के बाद विजयी पदाधिकारियों की घोषणा हो जाएगी।


सरस मार्केट में प्रतिनिधि मंडल के निर्वाचन अधिकारियों की गुरुवार को बैठक हुई। इसमें मुख्य निर्वाचन अधिकारी हरीश पांडे ने बताया कि गुरुवार की शाम पांच बजे तक प्रचार प्रसार करने का समय दिया गया था। उसके बाद प्रचार पर पूरी तरह से प्रतिबंध रहेगा। शनिवार को रामपुर रोड स्थित अग्रसेन भवन में मतदान होगा। उन्होंने बताया कि 3616 वोटर हैं, जो सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक वोट कर सकते हैं।

तीन पदों पर मतदान होने हैं, जिसमें सात उम्मीदवार हैं। इन उम्मीदवारों में वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद के लिए मनोज चौहान, संदीप गुप्ता, सचिन गुप्ता, महामंत्री पद के प्रत्याशी प्रदीप सब्बरवाल, मनोज जायसवाल, संगठन मंत्री पद के प्रत्याशी गुरप्रीत सिंह चौहान, उपेंद्र असवाल शामिल हैं। मतगणना के दौरान प्रत्याशी या उसका अभिकर्ता मौजूद रह सकता है। इस दौरान सहायक निर्वाचन अधिकारी कैलाश जोशी, इंद्र कुमार भुटियानी, एनडी तिवारी, मनोज गुप्ता, प्रेम मदान, परमजीत सिंह कोहली, जिला महामंत्री हर्ष वर्द्धन पांडे उपस्थित रहे।

मतदान केंद्र पर लगाएंगे बहिष्कार का बोर्ड : लांबा
हल्द्वानी। प्रमाणपत्र बंटने के विरोध के साथ नाम वापस लेने वाले उम्मीदवारों ने बहिष्कार बोर्ड के जरिए अपना विरोध दिखाने की बात कही है। प्रेसवार्ता में उन्होंने बताया कि निर्वाचन अधिकारियों ने पक्षपात किया है। निवर्तमान कार्यकारिणी के वर्ष 2021-22 के प्रमाणपत्रों के बंटने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं की गई है। न ही उसके पदाधिकारियों से खर्च को लिखित ब्योरा लिया गया है। इस तरह की उदासीनता के खिलाफ आंदोलन जारी रहेगा। व्यापारी नेता रुपेंद्र नागर ने कहा कि बहिष्कार का असर मतदान में दिखेगा। दस बोर्ड लगाकर अपनी पीड़ा व्यापारी सदस्यों तक पहुंचाएंगे। पक्षपात का व्यवहार आगे भी ऐसा रहता है तो सदस्यता भी वापस ले लेंगे। राजू गुप्ता, त्रिलोक सिंह, शिव कपूर, मुरलीधर आदि मौजूद रहे।

संबंधित समाचार