हल्द्वानी: निगम अधिकारियों की सुस्ती से अटका पायलेट प्रोजेक्ट
हल्द्वानी, अमृत विचार। शहर के यातायात की बड़ी समस्या बन चुके अस्थायी अतिक्रमण को लेकर शायद नगर निगम के अधिकारी गंभीर नहीं है। इसी वजह से पायलेट प्रोजेक्ट की फाइल आगे नहीं बढ़ पा रही है। इस प्रोजेक्ट के तहत शहर में चिन्हित किए गए दस स्थानों पर वेंडिंग जोन बनाए जाने हैं। यहां नगर …
हल्द्वानी, अमृत विचार। शहर के यातायात की बड़ी समस्या बन चुके अस्थायी अतिक्रमण को लेकर शायद नगर निगम के अधिकारी गंभीर नहीं है। इसी वजह से पायलेट प्रोजेक्ट की फाइल आगे नहीं बढ़ पा रही है।
इस प्रोजेक्ट के तहत शहर में चिन्हित किए गए दस स्थानों पर वेंडिंग जोन बनाए जाने हैं। यहां नगर निगम से रजिस्टर्ड शहर के 1971 वेंडर्स (फड़-फेरी वाले) को रोजगार के लिए स्थान दिया जाएगा। ऐसा होने से जहां इन लोगों को भटकने और निगम अधिकारियों व पुलिस की फटकार से निजात मिलेगी तो वहीं शहर के यातायात में भी काफी सुधार हो सकेगा। फुटपाथ और सड़कें अस्थायी अतिक्रमण से काफी हद तक मुक्त हो सकेंगी।
वर्ष 2016 में क्रियान्वित हुई इस योजना के तहत नगर निगम ने पिछले साल पहले कंपनी के अधिकारियों के साथ इस मामले में मंथन किया था। उसके बाद न ही वे कंपनी के साथ बात आगे बढ़ा रहे हैं और न ही इस प्रोजेक्ट को लेकर गंभीर नजर आ रहे हैं। सहायक नगर आयुक्त गौरव भसीन ने बताया कि जिन संस्थाओं को ये वेंडिंग जोन तैयार करने हैं, उनके साथ बैठक कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। अभी इसको लेकर कोई फैसला नहीं लिया गया है।
ये स्थान किए जा चुके हैं चिन्हित
1-तिकोनिया स्थित बरसाती नहर
2-नगर आयुक्त आवास के पास
3-ऊंचापुल सब्जी मंडी
4-रामपुर रोड पर क्रियाशाला
5-कॉलटैक्स में नहर के किनारे
6-जनता वैंकेट हॉल के सामने
7-कालटैक्स पोस्ट ऑफिस के पास
8-हाइडिल गेट
9-डिग्री कालेज के पास
10-रोडवेज वर्कशाप के पास
रजिस्टर्ड वेंडर्स की स्थिति
1- पुराने 33 वार्डों में 1015
2- नए 27 वार्डों में 956
