मुरादाबाद : रामगंगा किनारे मिला फर्मकर्मी का शव, प्रेमिका व उसके पति पर लगाया हत्या का आरोप
मुरादाबाद, अमृत विचार। तीन दिन से लापता युवक का शव रामगंगा रेलवे पुल के नीचे पड़ा मिला। परिजनों ने मौके पर पहुंचकर शव की शिनाख्त की। एसपी सिटी ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में युवक की मौत का कारण पानी में डूबना बताया गया है। युवक की मां ने उसकी प्रेमिका और …
मुरादाबाद, अमृत विचार। तीन दिन से लापता युवक का शव रामगंगा रेलवे पुल के नीचे पड़ा मिला। परिजनों ने मौके पर पहुंचकर शव की शिनाख्त की। एसपी सिटी ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में युवक की मौत का कारण पानी में डूबना बताया गया है। युवक की मां ने उसकी प्रेमिका और उसके पति पर बेटे की हत्या का आरोप लगाते हुए कटघर पुलिस को तहरीर दी है। आरोपी दंपति अपने घर में ताला डालकर फरार हो गया है।
कटघर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला पीतल नगरी निवासी 18 वर्षीय आकाश राठौर बल्देवपुरी स्थित वीआईपी फर्म में पैकिंग का काम करता था। मां रेखा राठौर के अनुसार उनका बेटा 29 सितंबर की सुबह करीब साढ़े आठ बजे फर्म जाने के लिए कहकर घर से निकला था। इसके बाद घर नहीं लौटा। तलाशने पर भी पता नहीं लगा तो 30 सितंबर को उन्होंने कटघर थाने में गुमशुदगी दर्ज करा दी।
शुक्रवार को रामगंगा रेलवे पुल के नीचे झाड़ियों में शव मिलने की सूचना पाकर वह अपने परिजनों के साथ मौके पर पहुंचीं और मृतक की शिनाख्त अपने बेटे आकाश के रूप में की। सूचना पाकर एसपी सिटी अमित कुमार आनंद भी मौके पर पहुंचे और घटना का निरीक्षण कर अधीनस्थों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। कटघर पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में आकाश की मौत पानी में डूबने से होने की पुष्टि हुई है।
मृतक की मां ने कटघर पुलिस को तहरीर दी है। जिसमें उन्होंने आकाश की प्रेमिका और उसके पति पर अपने बेटे की हत्या कर शव को झाड़ियों में फेंकने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि आकाश का डीयर पार्क के पास रहने वाली दो बच्चों की मां के घर आना-जाना था। इसका पता महिला के पति को लग गया था। इसे लेकर करीब एक महीने पूर्व दंपति ने आकाश को देख लेने की धमकी दी थी। पुलिस ने युवक की प्रेमिका के घर पर दबिश भी दी मगर वह घर में ताला डालकर अपने पति के साथ फरार हो गई। इंस्पेक्टर आरपी शर्मा ने बताया कि तहरीर मिल गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। मामले की जांच की जा रही है।
तीन बहनों का इकलौता भाई था आकाश
पीतल फर्म में काम करने वाले आकाश के मामा राजीव राठौर ने बताया कि उसके पिता श्याम राठौर की मौत हो चुकी है। परिवार में विधवा मां रेखा राठौर के अलावा तीन बहन कोमल, ज्योति और सलोनी हैं। कोमल और ज्योति की शादी हो चुकी है जबकि सलोनी अविवाहित है। इकलौते भाई की मौत की खबर मिलते ही तीनों बहनें और मां का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। जवान बेटे का शव देख मां कई बार बेहोश भी हुईं। परिवार की अन्य महिलाओं ने किसी तरह उन्हें संभाला।
