हल्द्वानी: उधार न चुका पाने पर युवक ने फांसी लगाई
हल्द्वानी, अमृत विचार। महज दो हजार रुपए का उधार न चुका पाने पर एक युवक ने फांसी लगाकर जान दे दी। पुलिस के अनुसार शिवालिक विहार बिठौरिया नंबर एक निवासी 26 वर्षीय सोमवीर पुत्र वासुदेव कश्यप ने बदायूं निवासी रिश्तेदार सुरेश से दो हजार रुपए उधार लिए थे। सुरेश उससे उधार वापस मांग रहा था। …
हल्द्वानी, अमृत विचार। महज दो हजार रुपए का उधार न चुका पाने पर एक युवक ने फांसी लगाकर जान दे दी।
पुलिस के अनुसार शिवालिक विहार बिठौरिया नंबर एक निवासी 26 वर्षीय सोमवीर पुत्र वासुदेव कश्यप ने बदायूं निवासी रिश्तेदार सुरेश से दो हजार रुपए उधार लिए थे।
सुरेश उससे उधार वापस मांग रहा था। सोमवीर ने उधार चुकाने के लिए गुरुवार रात बड़े भाई निरंजन से रुपए मांगे। लेकिन निरंजन ने रुपए न होने और बाद में देने की बात कही। इस बीच दोनों भाईयों में उधार को लेकर तकरार शुरु हो गई। नाराज सोमवीर छत पर चला गया। देर रात वह अपने कमरे में गया तो पत्नी से भी उधार को लेकर जमकर तकरार हुई। गुस्साई बीवी दूसरे कमरे में जाकर सो गई।
शुक्रवार सुबह सोमवीर काफी देर तक कमरे से बाहर नहीं निकला तो परिजनों ने दरवाजा तोड़ दिया। भीतर सोमवीर रोशनदान की ग्रिल से फंदे पर लटका था। उसने पत्नी की साड़ी से फांसी लगाई थी। इधर, पार्षद दीपक बिष्ट की सूचना पर पहुंची मुखानी थाना की उपनिरीक्षक नीशू गौतम और पुलिस टीम ने शव फंदे से उतारा और पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। पुलिस प्राथमिक जांच में तैश में आकर आत्मघाती कदम उठाने का मामला मान रही है। पोस्टमॉर्टम में हैंगिंग को मौत का कारण बताया गया है।
साढ़े चार माह पूर्व हुई थी शादी
सोमवीर की साढ़े चार माह पूर्व ही किच्छा निवासी प्रिया से शादी हुई थी। उसका परिवार यहां मजदूरी करता है। सोमवीर भी मजदूरी करता था। उसके निरंजन समेत तीन भाई और हैं। सोमवीर दूसरे नंबर का था। सोमवीर की मौत के बाद उसकी पत्नी प्रिया का रो-रोकर बुरा हाल है।
