अयोध्या: लायंस क्लब ने जिला अस्पताल में शुरू किया लायंस रसोई
अयोध्या। शहर में कई लोग ऐसे भी हैं, जिन्हें दूसरों का पेट भरने के बाद बहुत सुख मिलता है। इसी सुख को प्राप्त करने के लिए शहर के जिला अस्पताल में तीमारदारों के लिए पांच रुपए में भरपेट खाने की व्यवस्था की गई है। यहां लायंस क्लब की ओर से लायंस रसोई नाम से इस …
अयोध्या। शहर में कई लोग ऐसे भी हैं, जिन्हें दूसरों का पेट भरने के बाद बहुत सुख मिलता है। इसी सुख को प्राप्त करने के लिए शहर के जिला अस्पताल में तीमारदारों के लिए पांच रुपए में भरपेट खाने की व्यवस्था की गई है। यहां लायंस क्लब की ओर से लायंस रसोई नाम से इस योजना की शुरूआत की गई है।
लायंस क्लब इंटरनेशनल फाउंडेशन के तत्वावधान में गांधी जयंती के अवसर पर अयोध्या में लायंस क्लब की ओर से जिला अस्पताल में तीमारदारों को पांच रुपए में भरपेट भोजन उपलब्ध कराने की शुरूआत की गई है। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ सीबीएन त्रिपाठी ने सेवा कार्य का फीता काटकर व थाली बांटकर शुभारंभ किया।
क्लब के अध्यक्ष अमित सिंघल ने बताया कि यह सेवा कार्य सप्ताह के प्रत्येक बृहस्पतिवार को किया जाएगा। वहीं, क्लब के सचिव लायन शिव वाधवानी व कोषाध्यक्ष लायन सुमित गुप्ता ने बताया कि लगभग 940 जरूरतमंद लोगों ने भरपेट भोजन प्राप्त किया। पहले दिन थाली में पूड़ी, सब्जी व चावल वितरित किया गया।
लायंस क्लब इंटरनेशनल के जोन चेयर पर्सन लायन अशोक गुप्ता ने अन्य सामाजिक संस्थाओं से सहयोग के लिए आह्वान किया। कार्यक्रम में लायन प्रतीक रस्तोगी, ललित केसरवानी, अंचित वैश्य अमित केसरवानी आदि ने जरूरतमंदों को भोजन की थाली बाटकर सहयोग किया।
