कुमाऊं में चल रहे ट्रायल मैच में नैनीताल ने अल्मोड़ा को 61 रन से हराया

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। सीके नायडू ट्रॉफी के लिए कुमाऊं में चल रहे ट्रायल मैच में नैनीताल ने अल्मोड़ा को 61 रन से हराकर लगातार तीसरी जीत दर्ज की। जबकि यूएसनगर ने चम्पावत को 10 विकेट से धोकर जीत का खाता खोला। मंगलवार को लीग मुकाबलों का पहला मैच जीएनजी क्रिकेट एरिना कमलुवागांजा में नैनीताल ए …

हल्द्वानी, अमृत विचार। सीके नायडू ट्रॉफी के लिए कुमाऊं में चल रहे ट्रायल मैच में नैनीताल ने अल्मोड़ा को 61 रन से हराकर लगातार तीसरी जीत दर्ज की। जबकि यूएसनगर ने चम्पावत को 10 विकेट से धोकर जीत का खाता खोला।

मंगलवार को लीग मुकाबलों का पहला मैच जीएनजी क्रिकेट एरिना कमलुवागांजा में नैनीताल ए और अल्मोड़ा की टीम के बीच खेला गया। अल्मोड़ा के कप्तान सागर रावत ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया। नैनीताल के शुरुआती तीन विकेट 48 रन पर पवेलियन लौट चुके थे। चौथे विकेट के लिये कमलेश कन्याल और आदित्य आर्या ने 62 रन की साझेदारी कर टीम को संभाला।

इसके बाद 5 और 6 विकेट के लिये कमलेश कन्याल और रोहित सिंह ने 77 की साझेदारी निभाई। टीम ने 49.4 ओवर में 10 विकेट के नुकसान पर 255 रनों का स्कोर खड़ा किया। इसके जबाब में अल्मोड़ा की सलामी जोड़ी सागर रावत और मोलिक मेहरा ने पहले विकेट के लिये टीम को 102 रनों की मजबूत साझेदारी दी। सलामी बल्लेबाजों के आउट होते ही टीम के बाकी बल्लेबाज 30 ओवर में 194 पर आल आउट हो गए।

इससे पहले मैच का शुभारंभ जिला नैनीताल क्रिकेट एशोसिएशन के उपाध्यक्ष विनय साह ने किया। मौके पर सीएयू के कार्यवाहक कोषाध्यक्ष दीपक मेहरा, जिला नैनीताल क्रिकेट एशोसिएशन के कोषाध्यक्ष कमल पपनै, पर्यवेक्षक हर्ष गोयल, उमेश पांडे, जगमोहन बगडवाल, आनंद बिष्ट, मो. रेहान, अमित कांडपाल, मनोज पंत, दिग्विजय कनवाल, संजय चौधरी, सुनील साह, त्रिलोक जीना, विजय कुकसाल, दान सिंह कन्याल,त नुजा जोशी आदि थे।

दूसरा मैच यूएसनगर और चम्पावत के बीच चकलुवा के मेलकानी क्रिकेट मैदान में खेला गया। यूएसनगर के कप्तान दिनेश पंवार ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। चम्पावत की टीम यूएसनगर के गेंदबाजों का सामना नहीं कर सकी। 34.5 ओवर में 115 रन बना आल आउट हो गई।

इसके जवाब में यूएसनगर के सलामी बल्लेबाज दिनेश पवार ने 56 गेंद में 6 छक्के एक चौके की मदद से नाबाद 61 रन और अभिनव शर्मा ने 68 गेंदों में 7 चौके की मदद से नाबाद 55 रनों की बदौलत टीम को 10 विकेट से जीत दिलाई।
मुख्य अतिथि कांग्रेस के प्रदेश महासचिव गोविंद सिंह बिष्ट ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर मैच का शुभारंभ किया। इस मौके पर पर्यवेक्षक किशन अनेरिया, विशाल नेगी, सूरज बिष्ट आदि थे।

जिला नैनीताल क्रिकेट एशोसिएशन के कोषाध्यक्ष कमल पपनै ने बताया बुधवार को हल्द्वानी जीएनजी में पिथौरागढ़ और नैनीताल बी जबकि चकलुवा में बागेश्वर और प्रसिडेंट इलेवन के बीच मुकाबला होगा।

संबंधित समाचार