भारतीय सैन्य अकादमी के पास से फर्जी जवान गिरफ्तार, जांच एजेंसियां अलर्ट
देहरादून, अमृत विचार। पुलिस और आर्मी इंटेलीजेंस की संयुक्त् टीम ने भारतीय सैन्य अकादमी (आईएमए) के समीप से एक फर्जी जवान को गिरफ्तार किया है। राजस्थान निवासी इस युवक का भर्ती गिरोह से भी तार जुडे हुए हैं। फर्जी सेना का जवान मिलने के बाद जांच एजेंसियों ने सतर्कता बढ़ा दी है और मामले की …
देहरादून, अमृत विचार। पुलिस और आर्मी इंटेलीजेंस की संयुक्त् टीम ने भारतीय सैन्य अकादमी (आईएमए) के समीप से एक फर्जी जवान को गिरफ्तार किया है। राजस्थान निवासी इस युवक का भर्ती गिरोह से भी तार जुडे हुए हैं। फर्जी सेना का जवान मिलने के बाद जांच एजेंसियों ने सतर्कता बढ़ा दी है और मामले की जांच की जा रही है।
सैन्य अधिकारियों के अनुसार भारतीय सैन्य अकादमी के समीप प्रेमनगर इलाके में यह युवक सेना का जवान बनकर घूम रहा था। आर्मी इंटेलीजेंस की लंबे समय से इस युवक पर नजर थी। बुधवार को पुलिस व आर्मी इंटेलीजेंस की संयुक्त टीम ने युवक को हिरासत में लिया तो फर्जी जवान होने का खुलासा हुआ।
यह युवक मूल रूप से राजस्थान के हनुमानगढ़ का रहने वाला है। जांच में सामने आया है कि वह दिल्ली, जोशीमठ, देहरादून में भी फर्जी जवान बनकर घूमा करता था। पुलिस को युवक से फर्जी कैंटीन कार्ड, सेना की वर्दी, कई बटालियनों की टोपी, फर्जी सैन्य दस्तावेज बरामद हुए हैं। पुलिस व इंटेलीजेंस ने इसकी जांच शुरू कर दी है। एसएसपी जन्मेजय खंडूरी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
