बरेली: चुनाव से पहले 873 मनरेगा कर्मियों को तोहफा
बरेली, अमृत विचार। आगामी विधानसभा चुनाव और त्योहारों के मौसम में महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी (मनरेगा) कर्मियों को तोहफा मिला है। लखनऊ में आयोजित मनरेगा सम्मेलन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनके मानदेय में वृद्धि की घोषणा की है। इससे जिले के 873 मनरेगा कर्मियों का बढ़ा हुआ मानदेय इसी माह से लागू …
बरेली, अमृत विचार। आगामी विधानसभा चुनाव और त्योहारों के मौसम में महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी (मनरेगा) कर्मियों को तोहफा मिला है। लखनऊ में आयोजित मनरेगा सम्मेलन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनके मानदेय में वृद्धि की घोषणा की है। इससे जिले के 873 मनरेगा कर्मियों का बढ़ा हुआ मानदेय इसी माह से लागू होगा।
विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक मनरेगा योजना शुरू होने के कुछ समय बाद ही संविदा पर कर्मचारियों की तैनाती की गई थी। इनमें अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी (एपीओ), तकीनीकी सहायक (टीए), कंप्यूटर ऑपरेटर और रोजगार सेवक शामिल हैं। सरकारी आंकड़ों की बात करें तो जिले में वर्तमान में 13 अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी, 57 तकनीकी सहायक, 09 कंप्यूटर ऑपरेटर, 03 एकाउंटेंट और 791 रोजगार सेवक हैं। इस तरह जिले की समस्त ग्राम पंचायतों में कुल 873 मनरेगा कर्मचारी हैं। यह मनेरगा कार्मिक लंबे समय से मानदेय में बढ़ोतरी की मांग कर रहे थे, लेकिन उनकी सुनवाई चुनावी समर में पूरी हो सकी।
सोमवार को लखनऊ में हुए मनरेगा सम्मेलन में कर्मियों की बहुप्रतीक्षित मांग मुख्यमंत्री ने पूरी कर दी। रोजगार सेवकों के मानदेय में 3220 रुपये की बढ़ोतरी की गई है। तकनीकी सहायकों के मानदेय में तीन हजार रुपये और कंप्यूटर ऑपरेटर के मानदेय में ढाई हजार रुपये की बढ़ोतरी हुई है। इससे मनरेगा कार्मिक खुश हैं। उपायुक्त मनरेगा गंगाराम वर्मा ने बताया कि जनपद में अभी शासनादेश नहीं आया है, लेकिन सोमवार को कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने घोषणा कर दी है। बढ़ा हुआ मानदेय अक्टूबर से ही दिया जाएगा।
