हल्द्वानी: आईएसबीटी का निर्माण और ट्रांसपोर्ट नगर में अस्थायी फिटनेस केंद्र खोलने की मांग
हल्द्वानी, अमृत विचार। देवभूमि उद्योग व्यापार मंडल और देवभूमि ट्रक मोटर ऑनर्स यूनियन संयुक्त मोर्चा की बैठक बृहस्पितवार को आयोजित हुई। ट्रांसपोर्टर नेता राजकुमार सिंह नेगी की अध्यक्षता में संपन्न हुई बैठक में कुमाऊं मंडल प्रवक्ता हरजीत सिंह चड्ढा ने कहा है कि आईएसबीटी काफी लंबे समय से लंबित चल रहा है, सरकार को इसका …
हल्द्वानी, अमृत विचार। देवभूमि उद्योग व्यापार मंडल और देवभूमि ट्रक मोटर ऑनर्स यूनियन संयुक्त मोर्चा की बैठक बृहस्पितवार को आयोजित हुई। ट्रांसपोर्टर नेता राजकुमार सिंह नेगी की अध्यक्षता में संपन्न हुई बैठक में कुमाऊं मंडल प्रवक्ता हरजीत सिंह चड्ढा ने कहा है कि आईएसबीटी काफी लंबे समय से लंबित चल रहा है, सरकार को इसका निर्माण शीघ्र कराना चाहिए।
उन्होंने कहा कि हल्द्वानी महानगर में ट्रैफिक जाम एक गंभीर समस्या है, शासन प्रशासन द्वारा जगह-जगह रेड लाइट लगा दी गई हैं जबकि सड़कें चौड़ी नहीं हुई है। पिछले 8 सालों से आईएसबीटी प्रस्तावित है और उसको लेकर तमाम राजनीतिक दल कोरी राजनीति कर रहे हैं ।

पंडित दया किशन शर्मा ने यातायात नगर में वाहन फिटनेस केंद्र खोलने की मांग की। उन्होंने कहा कि यातायात नगर, रामपुर रोड और बरेली रोड के बीच में पड़ता है और अगले माह से गौला नदी तथा प्राइवेट पट्टों में खनन आरंभ होने वाला है। खनन बंद होने के कारण अधिकांश वाहन स्वामियों ने अपने वाहन सरेंडर करा रखे थे। ऐसे में वाहनों को फिटनेस कराने के लिए आरटीओ ऑफिस ले जाना पड़ता है और शहर में काफी जाम रहता है। अगर यातायात नगर में अस्थायी फिटनेस केंद्र खुल जाएगा तो शहर में जाम समस्या में भी अंकुश लगेगा।
बैठक में ट्रांसपोर्ट कारोबारियों ने बढ़ते डीजल पेट्रोल पर रोष जाहिर करते हुए दामों पर अंकुश लगाने की मांग की। इस मौके पर ट्रांसपोर्टर नेता ललित रौतेला, इंद्रजीत सिंह बिंद्रा, जगजीत सिंह, मोहन महतोलिया, नवीन मेलकानी, कुलदीप सिंह , कमल किशोर जोशी, गणेश जोशी आदि रहे।
