जमरानी बांध पर मंडलायुक्त ने दिए निर्देश, प्राग फार्म विस्थापन के लिए गांव के प्रतिनिधियों को कराएं निरीक्षण
हल्द्वानी, अमृत विचार। आयुक्त कुमाऊं सुशील कुमार की अध्यक्षता में शुक्रवार को सर्किट हाउस में जमरानी बांध परियोजना समन्वय समिति की क्षेत्र प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित हुई। आयुक्त सुशील कुमार ने कहा कि जमरानी परियोजना को क्रियान्वयन स्थिति में लाना है, इसके लिए जमरानी क्षेत्र की जनता की समस्याओं का शीघ्रता से समाधान करना …
हल्द्वानी, अमृत विचार। आयुक्त कुमाऊं सुशील कुमार की अध्यक्षता में शुक्रवार को सर्किट हाउस में जमरानी बांध परियोजना समन्वय समिति की क्षेत्र प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित हुई। आयुक्त सुशील कुमार ने कहा कि जमरानी परियोजना को क्रियान्वयन स्थिति में लाना है, इसके लिए जमरानी क्षेत्र की जनता की समस्याओं का शीघ्रता से समाधान करना है इसलिए जमरानी परियोजना अधिकारी एक सप्ताह में ग्रामवासियों के साथ बैठक कर आख्या प्रस्तुत करें। ताकि उनका निर्णय व सुझाव तुरंत शासन को भेजे जा सके।
मंडलायुक्त ने जमरानी परियोजना अधिकारियों को विस्थापन हेतु चिन्हित प्राग फार्म भूमि का निरीक्षण कराने के भी निर्देश दिए।
बैठक में समन्वय समिति को पुनर्वास व पुर्नस्थापन सम्बन्धी पूर्ण जानकारियां दी गई। लारा एक्ट के अनुसार, भूमि के बदले भूमि के साथ ही जमरानी अधिकारियों द्वारा दूसरा नगद धनराशि का प्रस्ताव भी क्षेत्रवासियों के समक्ष विचार हेतु रखा। जिसमें श्रेणी-एक वाले परिवार को लगभग 99.12 लाख, द्वितीय श्रेणी को 43 लाख व तृतीय श्रेणी वाले को 17.5 लाख देय होगा।
आयुक्त ने कहा कि लारा एक्ट के अनुसार, क्षेत्रवासियों को पूर्ण सुविधायें दी जायेंगी। किसी भी प्रभावित व्यक्ति को नुकसान नही होने दिया जायेगा। उन्होंने महाप्रबन्धक जमरानी बांध एवं अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे प्रभावित गांवों में जाकर जनता को एक्ट सम्बन्धी पूर्ण जानकारियां दें व उनके सुझाव भी लें तथा गांव के प्रतिनिधियों को प्राग फार्म विस्थापन हेतु प्रस्तावित भूमि का निरीक्षण भी कराएं ।

बैठक में जिलाधिकारी उधमसिंह नगर रंजना राजगुरु, अपर जिलाधिकारी अशोक जोशी, डिप्टी कलैक्टर उधमसिंह नगर नरेश दुर्गापाल, महाप्रबन्धक जमरानी प्रशांत बिनोई, प्रबन्धक हिमांशु पंत, अधिशासी अभियन्ता बीपी पाण्डे, उप महाप्रबन्धक जावेद अनवर, ग्राम प्रतिनिधि नवीन चन्द्र, हरेन्द्र सिह, प्रताप राम, प्रेम राम, नारायण सिह सम्भल, मोहन सिंह सम्भल, आन सिंह, दीवान सिह, गंगा दत्त पलडिया, हरीश सिंह, मंयक बोरा, हरेन्द्र बोरा, राघवेन्द्र सम्भल, दीवान सिह, खष्टी राघव आदि मौजूद रहे।

