सिर्फ दो यात्रियों को लेकर पिथौरागढ़ से हल्द्वानी पहुंचा हेलीकॉप्टर, हेलीपैड पर दिखी बदइंतजामी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। आखिरकार मैदान से पहाड़ के हेली सफर का इंतजार खत्म हो गया। शनिवार दोपहर करीब 2:30 बजे पिथौरागढ़ से पवनहंस का हेलीकॉप्टर दो यात्रियों को लेकर हल्द्वानी पहुंचा। इस दौरान गौलापार स्थित हेलीपैड में बदइंतजामी की तस्वीरें सामने आ गईं। यात्रियों के लिए पीने के पानी के साथ-साथ हेलीपेड से हल्द्वानी तक …

हल्द्वानी, अमृत विचार। आखिरकार मैदान से पहाड़ के हेली सफर का इंतजार खत्म हो गया। शनिवार दोपहर करीब 2:30 बजे पिथौरागढ़ से पवनहंस का हेलीकॉप्टर दो यात्रियों को लेकर हल्द्वानी पहुंचा। इस दौरान गौलापार स्थित हेलीपैड में बदइंतजामी की तस्वीरें सामने आ गईं। यात्रियों के लिए पीने के पानी के साथ-साथ हेलीपेड से हल्द्वानी तक के सफर को तय करने में व्यवस्थाओं की पोल खुल गई।

यह भी पढ़ें-

मुख्यमंत्री जी! तीन गुना महंगा है हेली सफर, कैसे करेगा पहाड़ का आम आदमी सफर

हेलीकॉप्टर के पहुंचने से पहले हेलीपेड पर तमाम प्रशासनिक अमला मुस्तैद था। खुद एसडीएम ने हेलीपेड पर यात्री सुविधा का जायजा लिया। इस दौरान पीने के पानी के लिए रखे जार के ऊपर रखी खाली बोतल को देख एसडीएम ने नाराजगी जताई। यही नहीं पिथौरागढ़ से हल्द्वानी पहुंचे यात्री गीता और विवेक ने भी बदइंतजामी का सामना किया। हालांकि हेली सेवा की शुरुआत की खुशी में उन्होंने इसका खुलकर इजहार नहीं किया।

हेलीपेड में यात्रियों के लिए रखे पीने के पानी के जार के ऊपर रखी फिल्टर पानी की खाली बोतल को हटवाते एसडीएम मनीष कुमार सिंह।

भले ही पिथौरागढ़ से हल्द्वानी तक उन्हें हेलीकॉप्टर में एक घंटा 40 मिनट का समय लगा हो लेकिन हेलीपैड से हल्द्वानी पहुंचने के लिए उन्हें कुछ दूर तक पैदल चलना पड़ा। हेलीपैड के बाहर ऑटो और टैक्सी के अभाव में उन्होंने अपने परिचितों को फोन कर निजी वाहन मंगवाया और आगे की दूरी तय की। सवाल उठता है कि महंगी विमान सेवा में सफर करने वाले यात्रियों के लिए प्रशासन ने हेलीपैड से हल्द्वानी तक पहुंचने के लिए वाहनों की व्यवस्था क्यों नहीं की। भले ही हेलीकॉप्टर में अधिकतम छह यात्री सफर कर सकते हों, लेकिन उनकी सुविधा का ख्याल रखना तो बनता ही है।

पिथौरागढ़ से हैलीकॉप्टर में सवार होकर हल्द्वानी पहुंचे युवक और युवती।

बता दें कि पवनहंस हेली सेवा में देहरादून से हल्द्वानी व पंतनगर का किराया 5967, हल्द्वानी व पंतनगर से पिथौरागढ़- 4856, देहरादून से पिथौरागढ़ के लिए 7999 रुपये है। वहीं, पंतनगर से पिथौरागढ़ में फ्लाइट का समय 50 मिनट, हल्द्वानी से पिथौरागढ़ के लिए एक घंटा 40 मिनट, पिथौरागढ़ से देहरादून के लिए तीन घंटा 10 मिनट और पिथौरागढ़ से हल्द्वानी का समय एक घंटा 40 मिनट तय है।

एसडीएम मनीष कुमार सिंह ने बताया कि रविवार को छोड़कर हेली सेवा सप्ताह के छह दिन संचालित होगी। पवनहंस की वेबसाइट पर टिकट बुक कराने के साथ ही यात्रा से एक घंटा पहले हेलीपैड स्थित टिकट काउंटर से भी यात्री टिकट बुक करा सकते हैं।

संबंधित समाचार