लखनऊ: ठाकुरगंज में अतिक्रमण से जनता परेशान, दबंग ने नाले के ऊपर बना ली दुकान
लखनऊ। जोन छह के ठाकुरगंज क्षेत्र में जनता अतिक्रमण से परेशान है। क्षेत्र के दबंग दुकानदार ने अपने घर के सामने नाले पर अवैध तरीके से दुकान बना ली है। दूसरी भी दुकान बनाने की तैयारी कर रहा था, जिसे क्षेत्रीय लोगों ने रुकवा दिया। नाले पर दुकान बन जाने से सफाई नहीं हो पाती …
लखनऊ। जोन छह के ठाकुरगंज क्षेत्र में जनता अतिक्रमण से परेशान है। क्षेत्र के दबंग दुकानदार ने अपने घर के सामने नाले पर अवैध तरीके से दुकान बना ली है। दूसरी भी दुकान बनाने की तैयारी कर रहा था, जिसे क्षेत्रीय लोगों ने रुकवा दिया। नाले पर दुकान बन जाने से सफाई नहीं हो पाती है जिससे गंदा पानी सड़क पर भरने के साथ लोगों के घरों में घुस जाता है। क्षेत्रीय निवासियों ने जोन छह कार्यालय में कई बार शिकायत की लेकिन नगर निगम ने अब तक कोई कार्रवाई नहीं की है।
मामला ठाकुरगंज थाना क्षेत्र के मुसाहबगंज का है। क्षेत्रीय निवासी शबाब मिर्जा ने बताया कि बाम्बे वाली सड़क के पास बजरंगी लाल साहू स्कूल उनके पड़ोसी सतीश कुमार ने नाले पर ही पक्की दुकान बना ली है। दुकानदार नाले पर ही दूसरी दुकान भी बना रहा था, जिसका काम क्षेत्रीय निवासियों ने रुकवा दिया था। नाले पर बनी दुकान से सफाई नहीं हो पाती है और नाले का पानी सड़क के साथ क्षेत्रीय निवासियों के घरों में घुस जाता है।
इसके अलावा दुकान पर देर रात तक लोगों का जमावड़ा लगता है और असामाजिक तत्व गाली-गलौच करते हैं। जिससे क्षेत्रीय निवासियों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। मजबूर होकर क्षेत्रीय निवासियों ने दुकानदार द्वारा नाले पर किए गए अतिक्रमण को हटाने के लिए महापौर से लेकर नगर आयुक्त और जोनल अधिकारी जोन छह से लिखित शिकायत की है। इसके बाद भी अवैध दुकान को हटाने के लिए अब तक नगर निगम ने कोई कार्रवाई नहीं की है।
नाले पर गिए गए अतिक्रमण की जानकारी मेरे संज्ञान में आयी है। मौके पर आज टीम को भेजकर दिखवाया जाएगा और अतिक्रमण हटाया जाएगा…बिन्नो रिजवी, जोनल अधिकारी जोन छह।
