यूपी: डॉ. दिनेश शर्मा ने मुसलमानों को लेकर दिया ये बड़ा बयान
लखनऊ। भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक रविवार को अटल बिहारी वाजपेयी साइंटिफिक कन्वेंशन सेंटर में हुई। बैठक को संबोधित करते उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा ने पूर्व राष्ट्रपति डा. एपीजे अब्दुल कलाम, वीर अब्दुल हमीद जैसे उदाहरण देते हुए कहा कि मुस्लिम समाज में ऐसे हीरो होने चाहिए, जिन्होंने समाज के विकास के …
लखनऊ। भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक रविवार को अटल बिहारी वाजपेयी साइंटिफिक कन्वेंशन सेंटर में हुई। बैठक को संबोधित करते उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा ने पूर्व राष्ट्रपति डा. एपीजे अब्दुल कलाम, वीर अब्दुल हमीद जैसे उदाहरण देते हुए कहा कि मुस्लिम समाज में ऐसे हीरो होने चाहिए, जिन्होंने समाज के विकास के लिए पूरे दिल से काम किया।
उन्होंने कहा कि रोजगार, स्वास्थ्य, सुरक्षा सहित जब सारी सुविधाएं भाजपा से मिल रही हैं तो मुसलमान भी अब यह मन बना चुका है कि वह भाजपा का दामन ही पकड़ेगा। केंद्र व प्रदेश सरकार ने कभी किसी संप्रदाय, वर्ग आदि के साथ बिना भेदभाव विकास की धारा से जोड़ा। भाजपा की नीति ही सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास है। इसी नीति के तहत आगामी विधानसभा चुनाव में एक बार प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने जा रही है। इससे पहले उद्घाटन सत्र में प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि नेतागिरी में किसी को लूटने या कुचलने नहीं आए हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में भाजपा सरकार आज प्रदेश के हर नागरिक के संपूर्ण विकास के लिए पूरी ईमानदारी से काम कर रही है। उन्होंने केंद्र व सरकार के उपलब्धियों को गिनाया। वोट कार्यकर्ता और पदाधिकारी के व्यवहार से मिलेगा। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता जिस गली में रहते हैं वहां के दस लोग उनकी प्रशंसा करते हैं तो खुशी से सीना चौड़ा होता है। लेकिन यदि लोग उन्हें देखकर छिप जाते हैं तो यह अच्छा संदेश नहीं है। इस अवसर अल्पसंख्यक मोर्चा के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
मुस्लिम बहुल इलाके में निकालेंगे विकास यात्रा
कार्य समिति की मंत्रणा बैठक में निर्णय लिया गया कि मुस्लिम बहुल लगभग सौ विधानसभा क्षेत्रों में अल्पसंख्यक विकास यात्रा निकलेंगे। मुस्लिम बुद्धिजीवी और युवा सम्मेलन किया जाएंगे। छोटे-छोटे समूहों में विभिन्न योजनाओं के मुस्लिम लाभार्थियों से संवाद होगा और मुस्लिम बहुल लगभग चालीस हजार बूथों पर मोर्चा कार्यकर्ताओं की तैनाती के साथ मंडल तक मोर्चा का संगठन बनाकर करीब सौ विधानसभा सीटों का परिणाम भाजपा के पक्ष में लाने का प्रयास किया जाएगा।
