पीलीभीत: 120 बी का मुल्जिम देश का गृह राज्य मंत्री नहीं हो सकता

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

पूरनपुर, अमृत विचार। भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने एक बार फिर भाजपा सरकार पर निशाना साधा। पीलीभीत से पूरनपुर किसानाें के बीच पहुंचे राकेश टिकैत ने कहा कि लखीमपुर कांड के समझौते में सरकार से तय था कि 120 बी का मुलजिम देश का गृह राज्य मंत्री नहीं हो सकता। उससे …

पूरनपुर, अमृत विचार। भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने एक बार फिर भाजपा सरकार पर निशाना साधा। पीलीभीत से पूरनपुर किसानाें के बीच पहुंचे राकेश टिकैत ने कहा कि लखीमपुर कांड के समझौते में सरकार से तय था कि 120 बी का मुलजिम देश का गृह राज्य मंत्री नहीं हो सकता। उससे पहले सरकार इस्तीफा दिलाए। फिर पुलिस गिरफ्तार करके आगरा जेल भेजे। लखीमपुर कांड में न्याय न मिलने तक किसानों की लड़ाई जारी रहेगी।

सोमवार को दिल्ली से लखीमपुर अस्थि विसर्जन कार्यक्रम में पहुंचने से पहले आसाम रोड हाईवे और उदय करनपुर में धन्ना भगत गुरुद्वारा के सामने संयुक्त किसान मोर्चा की ओर से आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए टिकैत ने कहा कि गृह राज्य मंत्री तत्काल अपने पद से इस्तीफा दें, ताकि पुलिस उनके दबाव में न आए। कहा कि अजय टिन्नी (टेनी) मंत्री नहीं यह गुंडा है। लखीमपुर में उसकी इतनी दहशत है कि कोई उसके खिलाफ एफआईआर की तहरीर लिखकर देने को तैयार नहीं है। राकेश टिकैत बोले- वह एक अस्पताल में गए। उनसे घायल किसानों ने कहा कि मेरा नाम मत लेना, नहीं तो जीना मुश्किल हो जाएगा। ऐसे गुंडे मंत्री को इतने बड़े पद पर रहने का कोई अधिकार नहीं है। वह तुरंत अपने पद से इस्तीफा दे क्योंकि उसकी दहशत से किसान घर छोड़ कर भाग रहे हैं।

रियल लाइफ में पहली बार देखा
राकेश टिकैत ने कहा कि वह पहले ऐसा पिक्चरों में देखते थे। रियल रियल लाइफ में यह पहली बार देखा है। बोले- गृह राज्य मंत्री पर कार्रवाई नहीं हुई तो किसानों को क्षेत्र छोड़कर भागना पड़ेगा। इसलिए हमको संगठित होकर कार्रवाई करानी है। 26 अक्टूबर के संयुक्त मोर्चा के कार्यक्रम लगे हुए हैं। कार्यक्रम निपटाने के बाद 26 अक्टूबर को संयुक्त किसान मोर्चा लखनऊ कूच करेगा। उसके बाद भी मांगे पूरी नहीं होती हैं तो यह लड़ाई लंबी खिंचेगी। राकेश टिकैत ने ने सरकार से मांग की कि गृह राज्य मंत्री ने किस तरह से किसानों की जमीन कब्जा की है, उसकी भी केंद्र सरकार जांच कराए। दोनों सरकारें जांच कराकर कार्रवाई करें। संयुक्त किसान मोर्चा चुप बैठने वाला नहीं है। राज्य मंत्री नेपाल से अवैध व्यापार भी चलाता है।

किसानों में फूड डाल रही सरकार
राकेश टिकैत ने आरोप लगाया कि केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार किसानों के बीच फूट डालने का प्रयास कर रही है। किसान भाइयों को इन चीजों से बचना है। अपने घर परिवार का ध्यान रखते हुए संगठन को मजबूत रखना है। किसान कभी हताश नहीं हो सकता। किसान 11 महीने तक अपनी फसल बो कर सरकार को भेजता है। सरकार बदले में उसका शोषण करती है, लेकिन संघर्ष से समाधान तक आंदोलन चलेगा। हम समाधान चाहते हैं। सरकार लखीमपुर खीरी का भी कुछ समाधान निकाले। देश बचाने के लिए कोई भी बुराई मिलती है तो वह बुराई लेने के लिए भी संयुक्त मोर्चा तैयार है। किसी भी हद तक जाना पड़े। लखीमपुर कांड में अधिकारियों को फुल फ्लैश पावर दी तो समझौता करने में पांच घंटे लगे। अभी कुछ बिंदु बचे हैं। उनके पूरा होने तक संघर्ष जारी रहेगा।

दिल्ली के मंत्री को पावर नहीं
टिकैत ने कहा कि भारत सरकार दिल्ली के मंत्री को पावर नहीं देती है। कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर को फुल फ्लैश पावर देकर भेज दो तो चार घंटे में समझौता हो जाएगा। आंदोलन भी खत्म हो जाएगा। मगर, ऐसा ना हो कर पहले फोन से राय ली जाती है। बाद में समझौते की बात की जाती है क्योंकि पंच बात सुनकर उत्तर दे दें तो समझौते होते हैं। अगर किसी से पूछ कर उत्तर देगा तो समझौता नहीं होता। समझौते की कोई शर्त नहीं होती, न ही कोई टाइम नहीं होता। बार-बार समझौते से संयुक्त मोर्चा भी परेशान हो गया है। अब आर पार की लड़ाई होगी क्योंकि भारत सरकार किसानों के हित की बात नहीं कर रही है।

1200 में लुट रहा धान
राकेश टिकैत ने कहा कि किसान का धान 1200 में लुट रहा है। सरकार कह रही है कि हम किसानों का धान पूरे रेट पर खरीद रहे हैं। सरकार टीवी पर झूठ बोल रही है। भाजपा पूरी सरकार कागजों पर चलाना चाहती है। सरकारी गुंडागर्दी कहीं भी देखी जा सकती है। सरकार पहले अपने कर्म ठीक करे। सरकार बनी है तो किसान का चेहरा बनो। सरकार को वोट चाहिए और किसान को फसल का उचित भाव। ऐसा करो कि दोनों एक दूसरे के पूरक बनें। संयुक्त मोर्चे की यही मांग है ।

चार साल में मात्र 25 रुपये बढ़ाए
राकेश टिकैत ने कहा कि मायावती ने अपनी सरकार में गन्ना किसानों के ₹125 बढ़ाए। अखिलेश सरकार ने अपने कार्यकाल में ₹65 बढ़ाए लेकिन भाजपा सरकार ने चार साल में गन्ना मूल्य मात्र ₹25 ही बढ़ाया। गन्ना किसानों को जमकर लूटा गया। ऐसी सरकार किसानों को नहीं चाहिए। राकेश टिकैत ने उदय करणपुर के प्रधान जगजीत सिंह द्वारा संयुक्त मोर्चा के कार्यालय के लिए जगह देने पर उनका आभार जताया। गुरुद्वारा धन्ना भगत उदय करणपुर पहुंचकर माथा टेका।

सेल्फी लेने की होड़
गुरुद्वारे में महिलाओं द्वारा राकेश टिकैत के साथ सेल्फी लेने की होड़ लग गई। भाकियू प्रदेश अध्यक्ष राजवीर सिंह सोनिया, मन मोहन सिंह, जागीर सिंह, मनजिंदर सिंह, मनजीत सिंह, पवन सिंह, यादविंदर सिंह सोढ़ी, देवीदयाल, शालिग्राम, गाजी राम, बालक राम, अनूप, कुलवीर रामअवतार स्वराज सिंह जगत वीर सिंह दल विंदर सिंह, करमजीत आदि मौजूद थे।

जिंदा लोगों के नारे नहीं लगाए जाते
पूरनपुर। भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत जब संयुक्त मोर्चा के कार्यक्रम में उदय करनपुर पहुंचे तो उस दौरान लेग जिंदाबाद के नारे लगाने लगे। उसे सुनकर माइक पर राकेश टिकैत ने तत्काल आपत्ति की। कहा कि जिंदा लोगों के नारे नहीं लगाए जाते। हम किसान बंधु हैं। समझदार हैं। सबको समझदारी का परिचय देना चाहिए।

संबंधित समाचार