बरेली: छेड़छाड़ की शिकायत पर पुलिस ने दर्ज की मामूली धाराओं में रिपोर्ट
बरेली, अमृत विचार। छेड़छाड़ और अश्लील तस्वीर वायरल करने के आरोपी का चालान पुलिस ने मामूली धाराओं में कर दिया। मुचलका पर छूटने के बाद अब आरोपी पीड़िता और उसके परिजनों को जान से मारने की धमकी दे रहा है। पीड़िता ने पति के साथ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर पुलिस की मनमानी की शिकायत …
बरेली, अमृत विचार। छेड़छाड़ और अश्लील तस्वीर वायरल करने के आरोपी का चालान पुलिस ने मामूली धाराओं में कर दिया। मुचलका पर छूटने के बाद अब आरोपी पीड़िता और उसके परिजनों को जान से मारने की धमकी दे रहा है। पीड़िता ने पति के साथ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर पुलिस की मनमानी की शिकायत करते हुए उचित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी की गिरफ्तारी की मांग की है।
महिला ने बताया कि उसके घर के पड़ोस में रहने वाले वीरेन्द्र उर्फ राज ने पति से दोस्ती कर ली। इसके बाद आरोपी ने पीड़िता के पति के मोबाइल से नंबर निकाल लिया। नंबर मिलने पर आरोपी महिला से अश्लील बातें करने लगा। इसकी शिकायत करने महिला आरोपी के पास पहुंची तो वह गाली गलौज करने लगा। बात बढ़ने पर आरोपी ने महिला के मासूम बेटे के सिर में करछी मार दी। पीड़िता ने इस मामले में थाना बारादरी में तहरीर दी थी। तहरीर मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर धारा 151 में चालान कर दिया।
इसके बाद मुचलके पर आरोपी को आरोपी वीरेन्द्र उर्फ राज को जमानत मिल गई। जमानत पर आने के बाद आरोपी पीड़िता को दोबारा धमकाने लगा है। इस संबंध में पीड़िता ने एसएसपी को प्रार्थना पत्र देकर बारादरी पुलिस की मनमानी की शिकायत की है। एसएसपी ने जांच कराने का आश्वासन महिला को दिया है।
