रामपुर: केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी की प्रेस कांफ्रेंस में गिरी सीलिंग, मची भगदड़
रामपुर, अमृत विचार। केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी की प्रेस कांफ्रेंस में सीलिंग गिरने से भगदड़ मच गई। राज्यमंत्री बलदेव औलख के हाथ से पानी की बोतल छूटकर गिर गई। काफी देर तक अफरा तफरी का माहौल रहा। इस तरह हुनर हाट में शुरूआत से पहले ही अव्यवस्थाएं दिखने लगी हैं। आयोजन कराने वाली संस्था …
रामपुर, अमृत विचार। केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी की प्रेस कांफ्रेंस में सीलिंग गिरने से भगदड़ मच गई। राज्यमंत्री बलदेव औलख के हाथ से पानी की बोतल छूटकर गिर गई। काफी देर तक अफरा तफरी का माहौल रहा। इस तरह हुनर हाट में शुरूआत से पहले ही अव्यवस्थाएं दिखने लगी हैं। आयोजन कराने वाली संस्था ने केंद्र सरकार द्वारा लाखों रुपये फूंके जाने के बाद भी कामचलाऊ व्यवस्था की है।
पनवड़िया नुमाइश ग्राउंड में गुरुवार की दोपहर 16 से 26 अक्टूबर तक चलने वाले हुनर हाट को लेकर केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी की प्रेस कांफ्रेंस चल रही थी। इसी बीच अतिथियों के लिए बनाए गए वातानुकूलित पंडाल में लगाई गई सीलिंग के तीन टुकड़े टूटकर नीचे गिर पड़े। जैसे ही सीलिंग टूटकर गिरी प्रेस वार्ता में अफरा तफरी मच गई।
जलशक्ति राज्यमंत्री बलदेव औलख के हाथ में पानी की बोतल थी जोकि जोकि छूटकर जा गिरी। बोतल और पानी जिला पंचायत अध्यक्ष ख्यालीराम लोधी के ऊपर आकर गिरी। सीलिंग गिरने से आसपास खड़े सुरक्षा कर्मी भी सतर्क हो गए। एक सुरक्षा कर्मी के सिर और कंधे पर चोट भी आई। थोड़ी देर बाद मामला शांत हुआ, इसके बाद ही प्रेस वार्ता शुरू हो सकी।
हुनर हाट का आयोजन कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय की ओर से कराया जा रहा है। दिल्ली की एक संस्था इसकी व्यवस्थाएं देख रही है। लाखों रुपये खर्च किए जा रहे हैं। लेकिन शुरुआत में ही ऐसी अव्यवस्थाएं सामने आने से संस्था के पदाधिकारियों पर सवाल खड़े होने लगे हैं। 16 अक्टूबर को केंद्रीय मंत्री अशोक प्रधान स्वयं इस हुनर हाट का शुभारंभ करने आएंगे। लेकिन स्थानीय कलाकारों और स्थानीय हस्तशिल्पकारों में रोष है। क्योंकि पूरे देश के जहां शिल्पकार मौजूद रहेंगे, वहीं रामपुर की कला को स्थान नहीं मिलता दिखाई दे रहा है।
शहर में बिजली संकट, हुनर हाट में 500 केवी की आपूर्ति
पूरे शहर में इन दिनों बिजली संकट है। लेकिन हुनर हाट में कोई संकट नहीं है। यहां 500 केवी का स्पेशल ट्रांसफार्मर लगाकर आपूर्ति देनी शुरू कर दी गई। निर्वाध आपूर्ति की जा रही है। जबकि शहर के मोहल्लों में 10-10 घंटे बिजली नहीं आ रही है। कांग्रेस के शहर अध्यक्ष मामून शाह का कहना है कि खासतौर पर मुसलिम इलाकों में जानबूझकर कटौती की जा रही है। लेकिन कोई अधिकारी इस कटौती को स्वीकार करने को तैयार नहीं है। किसी से भी पूछो तो यही कहा जा रहा है कि 24 घंटे बिजली आपूर्ति की जा रही है। सिविल लाइंस को छोड़ दें तो बाकी शहर में बिजली कटौती का बुराहाल है।
