सीतापुर: हाईवे पर दो कारों में हुई जोरदार भिड़ंत, एक की मौत, आठ घायल
सीतापुर। जिले के सिधौली कोतवाली इलाके में हाईवे पर दो कारों में हुई जोरदार भिड़ंत में एक कार चालक की मौत हो गई और चार महिलाओं सहित आठ लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए। हादसे के बाद घायलों को सिधौली सीएचसी ले जाया गया। वहां से कुछ लोगों को लखनऊ तो कुछ लोगों को …
सीतापुर। जिले के सिधौली कोतवाली इलाके में हाईवे पर दो कारों में हुई जोरदार भिड़ंत में एक कार चालक की मौत हो गई और चार महिलाओं सहित आठ लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए। हादसे के बाद घायलों को सिधौली सीएचसी ले जाया गया। वहां से कुछ लोगों को लखनऊ तो कुछ लोगों को सदर अस्पताल भी भेजा गया है। घायलों में चार लोग लखीमपुर खीरी जिले के निवासी हैं। खबर पाकर डीएम, एसपी ने अस्पताल पहुंच कर स्थित का जायजा लिया। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है।
सिधौली कोतवाली इलाके में नेशनल हाईवे पर गड़ियां हसनपुर गांव के पास एक आर्टिगा व स्वीफ्ट डिजायर कार में शुक्रवार की दोपहर बाद सामने से जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में दोनों वाहनों पर सवार नौ लोगों को घायल स्थित में सीएचसी सिधौली लाया गया। जहां चिकित्सकों ने बिसवां के रायगंज निवासी आर्टिगा कार चालक पचास वर्षीय वकील पुत्र घसीटे को मृत घोषित कर दिया। वकील की कार में सवार बिसवां के ही रायगंज निवासी पचपन वर्षीय श्याम मूर्ति पुत्र कन्हैयालाल, इनकी पैंतालीस वर्षीय पत्नी रेनू, चालीस वर्षीय शालिनी पत्नी अजय कुमार घायल हुईं। यह लोग बिसवां से लखनऊ जा रहे थे।
दूसरी कार में सवार लखीमपुर खीरी के पलिया कलां निवासी पैंतीस वर्षीय पुरूषोत्तम, उनकी तीस वर्षीय पत्नी गोमती, ग्यारह साल का बेटा विमल कुमार, पैंतालीस वर्षीय लौंगश्री पत्नी मेवालाल, पचास वर्षीय रामजी घायल हुए। यह लोग लखनऊ से लखीमपुर खीरी के पलिया कलां अपने घर जा रहे थे। इन घायलों का पहले सीएचसी सिधौली इलाज हुआ, लेकिन हालत नाजुक देखते हुए श्याममूर्ति व शालिनी को लखनऊ रेफर किया गया है। गोमती व लौंगश्री को सदर अस्पताल भेजा गया।
घटना की खबर पाकर डीएम विशाल भारद्वाज, एसपी आरपी सिंह सहित भारी पुलिस बल अस्पताल पहुंचा। डीएम व एसपी ने अस्पताल पहुंच कर घायलों का हाल मालूम किया और उनके बेहतर इलाज के लिए चिकित्सकों को निर्देश दिए। खबर पाकर सीओ सिधौली यादुवेंद्र यादव घटना स्थल पर पहुंचे। उनका कहना है कि दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
रूट डायवर्जन की वजह से हुआ हादसा
स्थानीय लोगों को मुताबिक सिधौली में कुछ समय के लिए रूट डायवर्जन किया गया था। श्रद्धालु मूर्ति विसर्जन के लिए निकल रहे थे। इस बीच वहां पुलिस भी मुस्तैद थी, लेकिन हाईवे की एक लेन चालू होने के चलते दोनों वाहन आमने सामने आ गए और दोनों भीषण सड़क हादसा हो गया। सीओ का कहना है कि बिसवां से लखनऊ जा रही कार रॉग साइड थी। जिसकी वजह से हादसा हुआ है। उनका कहना है कि रूट डायल वर्जन की वजह से ट्रैफिक धीमा चल रहा था। जिसकी वजह से बिसवां से लखनऊ जा रहे कार चालक ने रॉंग साइट जाने की कोशिश की, तभी हादसा हुआ।
