हल्द्वानी: सीसीटीवी में कैद हुआ बैंक ऑफ बड़ौदा का एटीएम तोड़ने वाला आरोपी, गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। एक लुटेरे ने शहर में बैंक ऑफ बड़ौदा की मुख्य शाखा में लगे एटीएम को तोड़ डाला। 14 अक्तूबर की रात वारदात में असफल होने के बाद लुटेरा एक बार फिर अगली सुबह वारदात को अंजाम तक पहुंचाने की फिराक में पहुंचा। उसने फिर एटीएम से कैश लूटने की कोशिश की, लेकिन …

हल्द्वानी, अमृत विचार। एक लुटेरे ने शहर में बैंक ऑफ बड़ौदा की मुख्य शाखा में लगे एटीएम को तोड़ डाला। 14 अक्तूबर की रात वारदात में असफल होने के बाद लुटेरा एक बार फिर अगली सुबह वारदात को अंजाम तक पहुंचाने की फिराक में पहुंचा। उसने फिर एटीएम से कैश लूटने की कोशिश की, लेकिन कामयाब नहीं हो सका, जिसके बाद वो मौके से फरार हो गया।


मामले में 15 अक्तूबर को बैंक ऑफ बड़ौदा नैनीताल रोड के मैनेजर दीपक सिंह ने कोतवाली हल्द्वानी में तहरीर दी कि अज्ञात चोरों ने बैंक के एटीएम को खोलने की कोशिश की और मशीन में से कुछ पुर्जे उखाड़ कर ले गए हैं। मामले में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली अरुण कुमार सैनी के नेतृत्व में पुलिस टीमों का गठन किया गया। शनिवार को चौकी प्रभारी भोटिया पड़ाव संजय बृजवाल ने मुखबिर की सूचना पर अभियुक्त सतीश कुमार उर्फ शिवा निवासी राजपुरा हल्द्वानी को रेलवे पटरी पार से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से एटीएम के दो कलपुर्जे बरामद किए गए हैं।

बता दें कि बैंक ऑफ बड़ौदा की मुख्य शाखा नैनीताल रोड पर जल संस्थान ऑफिस के बगल में स्थित है। बताया जाता है कि बीती 14 अक्तूबर की रात करीब सवा नौ बजे एक शातिर बैंक के एटीएम में दाखिल हुआ। एटीएम चैंबर में पांच एटीएम हैं। इनमें से एक एटीएम के फ्रंट डोर को शातिर हाथ से खींच कर उखाड़ दिया, लेकिन एटीएम के अंदर कैश चेंबर पर एक और लॉक लगा था, जो शातिर से नहीं टूटा। काफी मशक्कत के बाद भी जब वह कामयाब नहीं हुआ तो चलता बना। जिस वक्त वारदात हुई, उस वक्त एटीएम चेंबर में सुरक्षा गार्ड मौजूद नहीं था।

रात गुजरी और अगली सुबह करीब सवा छह बजे शातिर एक बार फिर एटीएम चेंबर में दाखिल हुआ और एक बार उसने उसी एटीएम के लॉक को तोड़ने की कोशिश की। हालांकि शातिर एटीएम की की-पैड लॉक तोड़ने में कामयाब हो गया, लेकिन कैश चेंबर नहीं तोड़ पाया। काफी प्रयास के बाद भी जब कामयाबी नहीं मिली तो शातिर ने चुपचाप निकलने में ही भलाई समझी। अगली सुबह जब गार्ड मौके पर पहुंचा तो देखा कि एटीएम का फ्रंट डोर खुला पड़ा था। उसने इसकी जानकारी बैंक के अधिकारियों को दी। जिसके बाद खलबली मच गई।

अधिकारियों की सूचना पर कुछ ही देर में पुलिस भी मौके पर जा पहुंची। पड़ताल शुरू हुई और एटीएम चेंबर में लगे सीसीटीवी से शातिर की तस्वीर साफ हो गई। जिसके बाद बैंक ऑफ बड़ौदा की मुख्य शाखा के वरिष्ठ प्रबंधक दीपक सिंह ने कोतवाली पुलिस को तहरीर सौंपी।

ड्यूटी से पूरी रात नदारद रहा गार्ड
हल्द्वानी। वरिष्ठ प्रबंधक दीपक सिंह ने बताया कि वारदात की रात एटीएम चेंबर में सुरेश सिंह परगाईं की ड्यूटी एटीएम चेंबर में थी, लेकिन वारदात के वक्त वो चेंबर में मौजूद था। उन्होंने बताया कि सुरक्षा गार्ड सुरेश ड्यूटी पर आया था, लेकिन कुछ देर बाद ही वो घर चला गया और पूरी रात नहीं आया। पूछने पर उसने बताया कि उसकी पत्नी गर्भवती है और अचानक उसकी तबियत बिगड़ने की वजह से वो घर चला गया था।

संबंधित समाचार