पीलीभीत: वित्त एवं लेखाधिकारी दफ्तर के बाबू का रिश्वत लेते वीडियो वायरल
पीलीभीत, अमृत विचार। बेसिक शिक्षा विभाग के वित्त एवं लेखाधिकारी दफ्तर में खुलेआम रिश्वत लेने का मामला सामने आया। एरियर निकालने के नाम पर शिक्षक से वित्त एवं लेखाधिकारी दफ्तर के बाबू नवल कपूर का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। इसके बाद यूनाइटेड टीचर एसोसिएशन (यूटा ) बरेली के मंडल संयोजक ने डीएम …
पीलीभीत, अमृत विचार। बेसिक शिक्षा विभाग के वित्त एवं लेखाधिकारी दफ्तर में खुलेआम रिश्वत लेने का मामला सामने आया। एरियर निकालने के नाम पर शिक्षक से वित्त एवं लेखाधिकारी दफ्तर के बाबू नवल कपूर का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। इसके बाद यूनाइटेड टीचर एसोसिएशन (यूटा ) बरेली के मंडल संयोजक ने डीएम पुलकित खरे से शिकायत की।
बेसिक शिक्षा विभाग में लंबे समय से व्याप्त भ्रष्टाचार की शिकायतें लंबे समय से सामने आ रही थीं। अफसर उन्हें गंभीरता से नहीं लेते थे। शनिवार को इसी विभाग के वित्त एवं लेखाधिकारी दफ्तर के लिपिक का सात हजार रुपये रिश्वत लेने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। यूटा की ओर से डीएम को भेजी शिकायत में बताया गया कि तीन साल पहले उच्च प्राथमिक विद्यालय मुगलाखेड़ा अमरिया के प्रधानाध्यापक लाखन सिंह का निधन हो गया था।
उनके फंड की धनराशि और उच्च प्राथमिक विद्यालय तिरकुनिया अमरिया के चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी हरपाल सिंह का 8.5 माह का अवशेष वेतन एरियर निकालने के नाम पर वित्त एवं लेखाधिकारी दफ्तर के लिपिक नवल कपूर ने सात हजार रुपये की रिश्वत ली। उसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। उसके बाद यूनाइटेड टीचर एसोसिएशन के मंडल संयोजक भानु प्रताप सिंह ने जिलाधिकारी पुलकित खरे से भ्रष्ट बाबू के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर शिकायत की। इसके बाद बाबू पर कार्रवाई तय मानी जा रही है।
पहले भी भ्रष्टाचार में घिर चुका है लिपिक
बेसिक शिक्षा विभाग के वित्त एवं लेखाधिकारी कार्यालय में लिपिक नवल किशोर पर भ्रष्टाचार के आरोपों का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी यह बाबू भ्रष्टाचार के आरोपों में घिर चुका है, जिसमें इसे पहले पटल से हटाया भी गया था। मगर शिक्षकों का कहना है कि भ्रष्ट व्यवस्था के तहत बेसिक शिक्षा विभाग के अफसरों ने बाबू को दोबारा यही पटल पर तैनात दे दी।
