रामपुर : 26 मिनट रेलवे ट्रैक पर बैठे किसान, सरकार के खिलाफ नारेबाजी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

रामपुर, अमृत विचार। लखीमपुर में कार से कुचलकर मरे किसानों को इंसाफ दिलाने और केंद्रीय राज्यमंत्री की बर्खास्तगी की मांग को लेकर भारतीय किसान यूनियन से जुड़े किसान करीब 26 मिनट तक रामपुर रेलवे स्टेशन पर ट्रैक पर बैठे और सरकार के विरोध में जोरदार नारेबाजी। इससे पहले पुलिस ने किसानों को रेलवे स्टेशन के …

रामपुर, अमृत विचार। लखीमपुर में कार से कुचलकर मरे किसानों को इंसाफ दिलाने और केंद्रीय राज्यमंत्री की बर्खास्तगी की मांग को लेकर भारतीय किसान यूनियन से जुड़े किसान करीब 26 मिनट तक रामपुर रेलवे स्टेशन पर ट्रैक पर बैठे और सरकार के विरोध में जोरदार नारेबाजी। इससे पहले पुलिस ने किसानों को रेलवे स्टेशन के मुख्य द्वार पर रोकने का प्रयास किया लेकिन, किसान बेरिकेडिंग तोड़कर रेलवे स्टेशन में घुस गए।

सिविल लाइंस स्थित भाकियू कार्यालय पर किसान 11:45 बजे से एकत्र होना शुरु हुए। इस दौरान अपने वाहनों से किसान कार्यालय पर पहुंचते रहे। दोपहर करीब 1 बजे भारतीय किसान यूनियन टिकैत के जिलाध्यक्ष हसीब अहमद के नेतृत्व में सैकड़ों नारेबाजी करते हुए रेलवे स्टेशन की ओर चल दिए। हाइवे से होते हुए किसान रेलवे स्टेशन पर पहुंच गए। किसानों को भीतर नहीं घुसने देने के लिए एसडीएम सदर,सिटी मजिस्ट्रेट और सीओ सिटी भारी पुलिस बल के साथ तैनात थे और बेरिकेडिंग की हुई थी।

पुलिस फोर्स और अधिकारियों ने नारेबाजी कर रहे किसानों को रोकने का प्रयास किया लेकिन, किसान बेरिकेडिंग तोड़ते हुए रेलवे स्टेशन परिसर में पहुंच गए। इसके बाद रेलवे स्टेशन गेट पर पुलिस ने किसानों को रोकना चाहा लेकिन, किसान धक्का मुक्की करते हुए रेलवे स्टेशन पर पहुंच गए इसके बाद प्लेटफार्म नंबर तीन को पार करते हुए लूप लाइन पर जाकर बैठ गए।

कुछ लोग ट्रेक पर खड़ी बोगी के ऊपर चढ़ने का प्रयास करने लगे लेकिन, अधिकारियों एवं किसान नेताओ के शोर मचाने पर कि बिजली के तार हैं किसान नीचे उतर आए और ट्रेक पर बैठकर नारेबाजी करने लगे। धरने को सम्बोधित करते हुए जिलाध्यक्ष हसीब अहमद ने कहा कि जब तक लखीमपुर के किसानों को इंसाफ नहीं मिल जाता संघर्ष जारी रहेगा।

इसके अलावा दरयाब सिंह, सुभाष शर्मा समेत कई किसान नेताओं ने धरने को सम्बोधित किया। करीब 1:04 बजे ट्रेक पर बैठे किसान 1:30 बजे अधिकारियों के आग्रह करने पर ट्रेक से उठ गए। इसके बाद किसान नारेबाजी करते हुए कार्यालय लौट आए। धरना प्रदर्शन करने वालों में विनोद यादव, मुस्तकीम वीरेंद्र सिंह, फैसल समेत सैकड़ों किसान मौजूद रहे।

संबंधित समाचार