बिजनौर : ट्रक ने बाइक सवारों को रौंदा, दो की मौत, भीड़ ने लगाया जाम

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बिजनौर/नहटौर, अमृत विचार। नहटौर-झालू मार्ग स्थित ग्राम रुखड़यो में तेज रफ्तार ट्रक ने दो बाइक सवारों को कुचल दिया। इससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने रोड पर जाम लगा दिया। सूचना पर पुलिस-प्रशासन में हड़कंप मच गया। आला अधिकारियों ने दुर्घटनास्थल पर पहुंच कर ग्रामीणों को समझा-बुझाकर जाम …

बिजनौर/नहटौर, अमृत विचार। नहटौर-झालू मार्ग स्थित ग्राम रुखड़यो में तेज रफ्तार ट्रक ने दो बाइक सवारों को कुचल दिया। इससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने रोड पर जाम लगा दिया। सूचना पर पुलिस-प्रशासन में हड़कंप मच गया। आला अधिकारियों ने दुर्घटनास्थल पर पहुंच कर ग्रामीणों को समझा-बुझाकर जाम खुलवाया। उसके बाद पुलिस ने शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। दी गई तहरीर के आधार पर रिपोर्ट पंजीकृत कर ली गई है।

बुधवार की सुबह थाना क्षेत्र के सलेमपुर गांव निवासी मुसद्दी सिंह का पुत्र द्रुवेश (40) ओमपाल (45) पुत्र शिवचरण के साथ बाइक द्वारा किसी काम से नहटौर जा रहा था। जैसे ही वे लोग नहटौर-झालू मार्ग स्थित रुखड़ियो गांव के पास पहुंचे, पीछे से तेज गति से आ रहे ट्रक ने उन्हें रौंद डाला। यह देख आसपास के लोग उधर की ओर दौड़ पड़े। दोनों बाइकसवारों के लहूलुहान शवों की हालत देख सबके कलेजे मुंह को आ गए। देखते ही देखते तमाम भीड़ मौके पर लग गई।

भीड़ का आक्रोश चरम पर पहुंच चुका था। लोग दुर्घटना करने के बाद आगे जाकर खड़े हुए ट्रक की ओर दौड़े। उन्होंने ट्रक चालक को पकड़ना चाहा। लेकिन, तब तक वह ट्रक को दुर्घटना स्थल पर छोड़कर वहां से फरार हो चुका था। इसके बाद लोगों ने पुलिस को सूचना दी। उधर घटना का पता चलने पर दोनों बाइकसवारों के परिजन भी वहां पहुंच गए। शवों की हालत देख परिजनों का बुरा हाल हो गया।

परिवार की महिलाओं ने रोना शुरू किया तो वहां कोहराम मच गया। उधर घटना से आक्रोशित हुई भीड़ व परिजनों ने दोनों शवों को सड़क के बीच रखकर जाम लगा दिया। इससे सड़क के दोनों ओर लंबा जाम लग गया। दुर्घटना की सूचना पर प्रभारी निरीक्षक सत्येंद्र सिंह फोर्स के साथ वहां पहुंच गए। उन्होंने लोगों को समझाने का भरसक प्रयास किया, लेकिन वे किसी भी हाल में मानने को तैयार नहीं थे।

वे उच्च अधिकारियों को वहां बुलाने तथा मुआवजा दिलवाने की मांग पर अड़े थे। इस पर प्रभारी निरीक्षक ने भीड़ द्वारा जाम लगाने की सूचना उच्च अधिकारियों को दी, जिसे सुनकर उनके होश उड़ गए। आननफानन में पहले उप जिलाअधिकारी धीरेंद्र सिंह व क्षेत्राधिकारी अजय कुमार अग्रवाल वहां पहुंचे। उसके बाद पुलिस अधीक्षक ग्रामीण रामअर्ज भी पहुंच गए।

अधिकारियों ने परिजनों से बात कर शासन की ओर से मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया। तब जाकर भीड़ का आक्रोश कम हुआ और उन्होंने जाम खोल दिया। उसके बाद पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मारे गए एक युवक के भाई शिवराम की तहरीर पर अज्ञात ट्रक चालक के विरुद्ध रिपोर्ट पंजीकृत की है।

संबंधित समाचार