बरेली: पथ विक्रेताओं को दीपावली मेले में मिलेगी फ्री जगह
बरेली, अमृत विचार। शासन की गाइडलाइंस के बाद इस वर्ष पहली बार बरेली शहर के साथ ही चार नगर पालिकाओं में 28 अक्टूबर से 3 नवम्बर तक ’दीपावली मेले’ का आयोजन किया जा रहा है। इस वर्ष बरेली क्लब मैदान में मेला आयोजित किया जाएगा। इसके साथ चार नगर पालिकाओं फरीदपुर में सीएस इंटर कॉलेज, …
बरेली, अमृत विचार। शासन की गाइडलाइंस के बाद इस वर्ष पहली बार बरेली शहर के साथ ही चार नगर पालिकाओं में 28 अक्टूबर से 3 नवम्बर तक ’दीपावली मेले’ का आयोजन किया जा रहा है। इस वर्ष बरेली क्लब मैदान में मेला आयोजित किया जाएगा। इसके साथ चार नगर पालिकाओं फरीदपुर में सीएस इंटर कॉलेज, नवाबगंज में रामलीला मैदान, बहेड़ी में रामलीला ग्राउंड तथा आंवला में सुभाष इंटर कॉलेज में मेला लगेगा।
बरेली क्लब मैदान में 110 स्टॉल लगाए जाएंगे तथा प्रत्येक नगर पालिका परिषद में अधिकतम 50-50 स्टॉल लगाए जाएंगे। मेला स्थल पर सुरक्षा, कोविड प्रोटोकॉल का प्रबंधन, फायर ब्रिगेड तथा अन्य सम्बंधित विभागों के स्टाल भी रहेंगे। मेला स्थल पर चिकित्सा विभाग का भी एक स्टाल रहेगा।
एडीएम प्रशासन वीके सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में इन मेलों के आयोजन के लिए तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने बताया कि दीपावली के अवसर पर आम जन मानस द्वारा घरेलू उपयोग की विभिन्न वस्तुओं का क्रय किया जाता है। मेले में स्ट्रीट वेंडर/पथ विक्रेताओं को सामग्री विक्रय कर अपनी आय को अतिरिक्त रूप से बढ़ाने हेतु एक प्लेटफार्म स्थानीय स्तर पर नियोजित रूप से आकर्षक मेले के आयोजन किया जा रहा है। इसी के दृष्टिगत मेला परिसर में सभी वेंडर्स को स्थान निशुल्क उपलब्ध कराया जाएगा।
इस सम्बंध में अपर जिलाधिकारी ने कहा कि नगर पालिका परिषद स्तर पर यह सुनिश्चित कर लिया जाए कि सभी स्ट्रीट वेंडर्स को इस बात की जानकारी हो जाए कि उन्हें मेला परिसर में निशुल्क स्थान उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मेले का यही उददेश्य है और मुख्य रूप से स्ट्रीट वेंडर्स को इसमें शामिल किया जाएगा।
साथ ही सरकारी योजनाओं से लाभान्वित होने वाले लाभार्थियों को भी इसमें शामिल किया जाएगा। मेले में प्रतिदिन शाम को सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए जाएंगे तथा दिन में स्थानीय स्कूलों के छात्र छात्राएं सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगी। मेला परिसर में बच्चों के आकर्षण के लिए झूले तथा अन्य खेल सामग्री भी उपलब्ध रहेगी। मेला का समय प्रातः 11 बजे से शाम को 07 बजे तक रहेगा।
