हरदोई: बाजारों में बढ़ी चहल-पहल, करवा चौथ के लिए चल रहे लुभावने ऑफर
हरदोई। रविवार को पति की दीर्घायु और सफलता के लिए रखा जाने वाला व्रत ‘करवा चौथ’ है। पूजन की तैयारियों को लेकर महिलाओं ने खरीदारी शुरू कर दी है। जिसके चलते बाजारों में भारी भीड़ लगनी शुरू हो गई है। बाजारों में रंग बिरंगे मिट्टी के कलशों की दुकानें भी सज गई हैं। वस्त्र व …
हरदोई। रविवार को पति की दीर्घायु और सफलता के लिए रखा जाने वाला व्रत ‘करवा चौथ’ है। पूजन की तैयारियों को लेकर महिलाओं ने खरीदारी शुरू कर दी है। जिसके चलते बाजारों में भारी भीड़ लगनी शुरू हो गई है।
बाजारों में रंग बिरंगे मिट्टी के कलशों की दुकानें भी सज गई हैं। वस्त्र व आभूषण की दुकानें भी गुलजार हो गई हैं। कोरोना काल के कारण काफी समय से सूने पड़े बाजार में अब खरीदारी व चहल-पहल से रौनक आ गई हैं।

रविवार को करवा चौथ और फिर 4 नवंबर को दीवाली से पहले ही बाजार में चहल-पहल हैं। नगर के सदर बाजार ,छोटा चौराहा, रेलवेगंज बाजार सहित मुख्य बाजारों में खरीदारी करने को लोगों की भीड़ उमड़ने लगी है। खरीदारों में सबसे ज्यादा महिलाएं आगे आई हैं। त्योहारी सीजन आने से आभूषण वालों की भी चांदी हो गई है। बाजारों में तरह-तरह के मिट्टी के कलश भी बाजार में बिक रहे हैं, जो आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। कलश के साथ ही पूजन के लिए लइया, चूरा , चावल,चीनी से बने हुए खिलौने व करवा चौथ के कलैंडरो की भी बिक्री जोरों पर है।
गौरतलब है कि कोरोना के कारण दो साल से बाजारों की रौनक खत्म हो गई थी। इस बार बाजार के व्यापारियों को राहत की उम्मीद है।

बाजारों में चल रहे लुभावने ऑफर
त्यौहारों को देखते हुए बाजारों में तरह-तरह के ऑफर दिए जा रहे हैं। करवाचौथ के नजदीक आते ही साड़ियों की दुकानों पर साड़ी खरीदने पर दुकानदार फाल-पीको का काम फ्री कर रहे हैं। साथ ही बड़े-बड़े मॉल में ‘एक खरीदो तो एक मुफ्त पाओ” की स्कीम भी ग्राहकों को खूब भा रही है। ब्यूटी पार्लर वालों ने भी साज सज्जा के विशेष ऑफर जारी कर दिए हैं जिसमें महिलाओं को काफी लुभावनी छूट देने की बात कही जा रही है।
