हल्द्वानी: पतियों को अर्धांगिनी में दिखेगा ‘दीपिका’ और ‘तमन्ना’ का रूप

Amrit Vichar Network
Published By Amrit Vichar
On

मनीष तिवारी, हल्द्वानी। इस बार का करवाचौथ युवा दंपतियों के लिए कुछ खास होने वाला है। दरअसल इसे खास बनाने और अपनी खूबसूरती में चार चांद लगाने के लिए महिलाओं ने दीपिका पादुकोण और तमन्ना भाटिया का सहारा लिया है। सोशल मीडिया पर उनकी साड़ी वाली पोस्ट को सर्च कर उसी साड़ी डिजाइन को चुना …

मनीष तिवारी, हल्द्वानी। इस बार का करवाचौथ युवा दंपतियों के लिए कुछ खास होने वाला है। दरअसल इसे खास बनाने और अपनी खूबसूरती में चार चांद लगाने के लिए महिलाओं ने दीपिका पादुकोण और तमन्ना भाटिया का सहारा लिया है। सोशल मीडिया पर उनकी साड़ी वाली पोस्ट को सर्च कर उसी साड़ी डिजाइन को चुना और मनचाहे डिजाइन की तलाश के लिए बाजार पहुंचीं। अभिनेत्रियों की पोस्ट को दिखाकर दुकानदारों से साड़ी डिजाइन की मांग करने वाली ज्यातर युवा महिलाएं थीं।

इस बार करवाचौथ 24 अक्टूबर (आज) को है। सुहागिन महिलाओं के लिए ये दिन बहुत खास होता है। अपने पति के लिए महिलाएं व्रत रखती हैं। शाम को चांद को देख कर पूजा करती हैं और फिर व्रत तोड़ती हैं। इन सब के दौरान महिलाएं करवाचौथ को सोलह श्रृंगार करती हैं। सुहाग की निशानी को पहन कर महिलाएं पति की लंबी उम्र की प्रार्थना करती हैं। ऐसे में इस दिन के लिए महिलाएं काफी तैयारियां करती हैं।

श्रृंगार में सबसे जरुरी होता है उनका पहनावा। महिलाएं एक से बढ़कर एक साड़ी या लहंगा पहनना चाहती हैं। महिलाओं ने इस बार करवाचौथ में साउथ फिल्मों की हिरोइन तमन्ना और बॉलीवुड की दीपिका को आइडियल मानते हुए साड़ियों की खरीदारी की। दुकानदारों के पास जिन साड़ियों की डिमांड ज्यादा आई, उनमें कढ़ाई की गईं चौड़े बॉर्डर की प्लेन साड़ी व बनारसी कढ़ाई का भारी ब्लाउज रहा। इन साड़ियों की कीमत ढाई हजार से 25 हजार तक की थी, जो सबसे ज्यादा बिकीं। रिटेल दुकानदारों ने इस तरह की साड़ी सबसे ज्यादा सूरत से मंगाई थी।

आपदा से घट गई 30 फीसदी सेल
हल्द्वानी। करवाचौथ पर कुमाऊं के सबसे बड़े बाजार हल्द्वानी में पहाड़ी इलाकों की रहने वाली महिलाएं भी काफी संख्या में पहुंचती थीं। साड़ी व्यापारी नवीन ने बताया कि हर साल इस त्योहार में एक दिन की सेल 50 से 70 हजार तक पहुंच जाती थी। इस बार आपदा के कारण पहाड़ का ग्राहक बाजार नहीं पहुंचा। इससे इस बार सेल में 30 फीसदी से भी ज्यादा की कमी रही है। सड़कों की खराबी के चलते कुमाऊं के अंचलों से महिलाएं हल्द्वानी नहीं पहुंच सकीं।

गोटा कढ़ाई की छलनी से महिलाएं करेंगी चांद का दीदार
हल्द्वानी। करवाचौथ पर छलनी से चांद देखने की भी प्रथा है। इस बार बाजार में गोटा की कढ़ाई से तैयार हुई छलनी ने महिलाओं को खूब आकर्षित किया है। साथ ही डिजाइनर दीये भी महिलाओं की पहली पसंद बने। व्यापारी दीपक अग्रवाल ने बताया कि इस त्योहार में इनके अलावा कलेंडर, करवाचौथ की किताब और मेंहंदी की भी ज्यादा डिमांड रहती है।

चौड़े कढ़ाई के बॉर्डर वाली प्लेन साड़ी की ज्यादा डिमांड आई है। महिलाएं इसी डिजाइन की साड़ी ज्यादा पसंद कर रही हैं। – नवीन थरेजा, चौक बाजार

दीपिका पादुकोण व तमन्ना भाटिया की सोशल मीडिया वाली पोस्ट की गईं फोटो को दिखाकर अधिकांश महिलाओं ने साड़ी खरीदी है। – रणजीत सिंह नागपाल, तिकोनिया बाजार

संबंधित समाचार