हल्द्वानी: करवाचौथ पर पहाड़ी इलाकों में चांद कर सकता है आंखमिचौली, जानें क्या है शुभ मुहूर्त

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। करवाचौथ का व्रत करने वाली महिलाओं को पर्व के दिन चांद तंग करता नहीं दिखेगा। तराई क्षेत्र में शाम होने तक आसमान साफ हो जाएगा और फिर 7 बजकर 58 मिनट पर महिलाएं चांद को देख सकेंगी। हालांकि पहाड़ी इलाकों में ऐसा संभव नहीं हो सकता है। यहां आसमान में बादलों के …

हल्द्वानी, अमृत विचार। करवाचौथ का व्रत करने वाली महिलाओं को पर्व के दिन चांद तंग करता नहीं दिखेगा। तराई क्षेत्र में शाम होने तक आसमान साफ हो जाएगा और फिर 7 बजकर 58 मिनट पर महिलाएं चांद को देख सकेंगी। हालांकि पहाड़ी इलाकों में ऐसा संभव नहीं हो सकता है। यहां आसमान में बादलों के होने के चलते चंद्रमा आंखमिचौली करता दिख सकता है। इस बीच हल्की बूंदाबांदी के कारण महिलाओं को व्रत खोलने के लिए इंतजार करना पड़ सकता है।


सुहागिनों का सबसे बड़ा पर्व करवाचौथ 24 अक्टूबर यानी रविवार को मनाया जाएगा। इस दिन सुहागिन महिलाएं अपने पति की लंबी आयु, वैवाहिक जीवन और सुख-समृद्धि के लिए निर्जला व्रत रखती हैं। व्रती महिलाएं रात को चांद दर्शन और पूजा के बाद व्रत तोड़ती हैं। मौसम विभाग के मिली जानकारी के अनुसार आज मौसम साफ रहेगा। हालांकि सुबह आसमान में बादल होने की संभावनाएं हैं लेकिन दोपहर बाद मौसम साफ हो जाएगा।

महिलाओं को चांद के लिए इंतजार नहीं करना पड़ेगा। वहीं, पर्वतीय क्षेत्रों में बूंदाबादी के साथ आसमान में बादल रहेंगे। बता दें कि यह धार्मिक मान्यता है कि चंद्र दर्शन और अर्घ्य देने से पति की लंबी आयु और सुख-समृद्धि का आशीर्वाद प्राप्त होता है। करवाचौथ के दिन चांद निकलने का समय हर जगह पर अलग-अलग होता है। कुछ स्थानों पर चांद जल्दी निकल आता है, तो कहीं पर चांद के दर्शन देर से होते हैं।

रोहिणी में उदित होगा चांद
करवा चौथ व्रत इस साल विशेष योग में मनाया जा रहा है। ज्योतिषाचार्यों के अनुसार करवाचौथ पर चंद्रमा अपने प्रिय नक्षत्र रोहिणी में उदित होंगे। ऐसा संयोग करीब पांच साल बाद बन रहा है।

ब्यूटी पार्लर में महिलाओं के लिए पैकेज तैयार
सभी ब्यूटी पार्लरों ने महिलाओं के लिए करवाचौथ पर अपने-अपने पैकेज तय कर रखे हैं। इसमें महिलाओं को स्पेशल छूट भी दी जा रही है। इसमें 999 रुपए में थ्रेडिंग के साथ फोरहेड, अपरलिप और ब्लीच, गोल्ड फेसियल, हाथ और पैर में फुल वैक्स, 1199 रुपए में इन सभी के साथ पैडीक्योर और 1499 रुपए में इन सभी के साथ हेयर स्पा भी शामिल है।

करवाचौथ पर जमकर हुई खरीदारी
करवाचौथ पर्व से एक दिन पहले साप्ताहिक अवकाश पर भी बाजार गुलजार रहा। काफी संख्या में महिलाएं बाजार में पहुंचीं और जमकर खरीदारी की। शनिवार को हल्द्वानी के पटेल चौक, चौक बाजार, सदर बाजार, नैनीताल रोड, मुखानी, रामपुर रोड में महिलाओं की खूब आवाजाही देखी गई। बाजार में सबसे ज्यादा ग्राहकों की भीड़ चूड़ियों और साड़ी की दुकानों पर देखी गई।

इसके साथ ही सराफ और चूड़ियों की दुकानों पर भी महिलाएं खरीदारी करने पहुंची। पटेल चौक व्यापारी अनुज रौतेला ने बताया कि करवाचौथ का सामान सबसे ज्यादा पर्व से एक दिन पहले बिकता है। मेंहंदी लगवाने के लिए महिलाएं बाजार आती हैं और इस दौरान, छलनी, करवा, कलेंडर, करवाचौथ की किताब, दीया सहित अन्य सामानों की बिक्री बढ़ जाती है।

संबंधित समाचार