बरेली: शिक्षक और कर्मचारी आज बंद कर सकते है बरेली कॉलेज
बरेली, अमृत विचार। शिक्षकों और कर्मचारियों के विरोध की वजह से बरेली कॉलेज में सोमवार को बंदी रह सकती है। इसकी वजह से छात्रों को भी परेशानी का सामना करना पड़ेगा। यह बंदी कॉलेज में तोड़फोड़ करने वाले एबीवीपी कार्यकर्ताओं और छात्रों के खिलाफ पुलिस, प्रशासन और कॉलेज प्रशासन के द्वारा कोई करवाई न करने …
बरेली, अमृत विचार। शिक्षकों और कर्मचारियों के विरोध की वजह से बरेली कॉलेज में सोमवार को बंदी रह सकती है। इसकी वजह से छात्रों को भी परेशानी का सामना करना पड़ेगा। यह बंदी कॉलेज में तोड़फोड़ करने वाले एबीवीपी कार्यकर्ताओं और छात्रों के खिलाफ पुलिस, प्रशासन और कॉलेज प्रशासन के द्वारा कोई करवाई न करने की वजह से की जा रही है।
बरेली कॉलेज में 12 अक्टूबर से छात्रों और कर्मचारियों के बीच विवाद चला आ रहा है। इसको लेकर 18 अक्टूबर को एबीवीपी कार्यकर्ताओं और छात्रों ने प्राचार्य कार्यालय और परिसर में तोड़फोड़ की थी। इसको लेकर दूसरे छात्र संगठन विरोध कर चुके हैं। फरीदपुर में भी विवाद हो चुका है। 22 अक्टूबर को बरेली कॉलेज के शिक्षक संघ और कर्मचारियों की संयुक्त बैठक हुई थी, जिसमें तोड़फोड़ करने वाले छात्रों पर दो दिन में कार्रवाई के लिए कहा था।
कार्रवाई न होने पर 25 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन बंदी की चेतावनी दी थी। शिक्षक संघ के सचिव डा वीपी सिंह का कहना है कि अभी तक कोई करवाई नहीं की गई है। ऐसे में बंदी करना मजबूरी है। उन्होंने बताया कि छात्र हित में रविवार को भी प्रवेश किए गए। स्नातकोत्तर प्रथम वर्ष में भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान, जंतु विज्ञान, वनस्पति विज्ञान में सारी सीटें भर चुकी हैं। एमकॉम, एमएससी गणित और कुछ पाठ्यक्रम में कुछ सीटें रह गई है। उनका कहना है कि कार्रवाई हुई तो शिक्षण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
