सीतापुर: संदिग्ध परिस्थितियों में मिला लापता युवक का शव, जांच में जुटी पुलिस
सीतापुर। चार दिन पहले फोन करके बुलाए जाने के बाद से लापता एक ग्रामीण का शव सोमवार की सुबह गांव के बाहर गन्ने के खेत में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला है। परिवार के लोग हत्या की आशंका जता रहे हैं। हालांकि समाचार लिखे जाने तक मृतक के परिवार वालों ने कोई तहरीर नहीं दी थी। …
सीतापुर। चार दिन पहले फोन करके बुलाए जाने के बाद से लापता एक ग्रामीण का शव सोमवार की सुबह गांव के बाहर गन्ने के खेत में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला है। परिवार के लोग हत्या की आशंका जता रहे हैं। हालांकि समाचार लिखे जाने तक मृतक के परिवार वालों ने कोई तहरीर नहीं दी थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
हरगांव इलाके के खेदरापुर गांव निवासी हीरालाल पिछले चार दिनों से लापता था। उसकी तलाश की जा रही थी। इसी बीच सोमवार की सुबह उसकी लाश गन्ने के खेत में बरामद हुई है। मृतक के परिवार वालों का कहना है कि साठ सोल के हीरालाल पुत्र रामेश्वर को चार दिन पहले किसी ने फोन करके बुलाया था। उसके बाद से हीरालाल वापस नहीं आया। उसकी काफी तलाश की गई, लेकिन पता नहीं चला।
सोमवार की सुबह ग्रामीण खेतों की ओर निकले तो गन्ने के खेत में उसका शव देखा। जिसके बाद ग्रामीणों ने मृतक के परिवारवालों और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर जांच पड़ताल की और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना को लेकर मृतक के परिवारीजन हत्या की आशंका जता रहे हैं।
बताते हैं कि मृतक की गांव में ही कुछ लोगों से रंजिश चल रही थी। हालांकि परिवार के लोगों ने समाचार लिखे जाने तक किसी के खिलाफ तहरीर नहीं दी थी। थाना प्रभारी बृजेश कुमार त्रिपाठी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर जांच कर कार्रवाई होगी।
