हल्द्वानी : यहां सर्वे के एक साल बाद भी सीवर लाइन बिछाने का काम शुरू नहीं कर सका नगर निगम

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। मुखानी द्वितीय वार्ड की आधी आबादी को पर्याप्त पानी नहीं मिल पाता है। स्टोरेज की कमी से आधे वार्ड में पेयजल की समस्या बनी रहती है। चार साल बाद भी वार्ड में प्रस्तावित ओवरहेड टैंक नहीं बन सका है। निगम की बेपरवाही का नतीजा है कि सर्वे के एक साल बाद भी …

हल्द्वानी, अमृत विचार। मुखानी द्वितीय वार्ड की आधी आबादी को पर्याप्त पानी नहीं मिल पाता है। स्टोरेज की कमी से आधे वार्ड में पेयजल की समस्या बनी रहती है। चार साल बाद भी वार्ड में प्रस्तावित ओवरहेड टैंक नहीं बन सका है। निगम की बेपरवाही का नतीजा है कि सर्वे के एक साल बाद भी वार्ड में सीवर लाइन बिछाने का काम शुरू नहीं हो सका है।
शहर के इस वार्ड की पड़ताल के दौरान लोग पानी की समस्या से ज्यादा परेशान दिखे। इस वार्ड में दो नलकूपों से पानी की आपूर्ति होती है। इसमें एक जेके पुरम का नलकूप है। चार साल पहले लगाए गए इस नलकूप के बाद ओवरहेड टैंक के लिए सिर्फ आश्वासन ही दिए जा रहे हैं। चार साल से जिम्मेदार ओवरहेड टैंक तैयार नहीं कर सके। आधे वार्ड को जजफार्म के नलकूप से पानी पहुंचता है। यहां एक लाख लीटर की क्षमता का ओवरहेड टैंक लोगों को जरूरत भर पानी भी नहीं पिला पाता है। इस वार्ड में सफाई की अव्यवस्था से भी लोग परेशान हैं। निगम ने एक भी सफाई कर्मचारी की ड्यूटी इस वार्ड में नहीं लगाई है।

वार्ड संख्या 52 : मुखानी द्वितीय
आबादी – लगभग सात हजार
क्षेत्र : खड़िया फैक्ट्री, जेके पुरम, रौतेला कालोनी, रूप नगर, जज फार्म के ब्लॉक सी,डी,ई,एफ,एच,आई, बजरंग विहार, पीलीकोठी, उत्तरांचल विहार, नीम का पेड़ आदि।

समस्या – 1
सड़क पर सावधानी हटी दुर्घटना घटी
वार्ड की कई कालोनियों की सड़कों पर सावधानी हटी नहीं कि दुर्घटना घटी। दरअसल ज्यादातर कालोनियों की सड़कें खस्ताहाल है। खड़िया फैक्ट्री से जज फार्म को जोड़ने वाली सड़क पर जगह-जगह गड्ढे हैं। आए दिन लोग इसकी वजह से चोटिल होते हैं। बजरंग विहार में सड़क बनने के छह महीने बाद ही डामर उखड़ गया।

समस्या – 2
बच्चों को खलती है पार्क की कमी
गांव से अलग कर वार्ड की कालोनियों को शहर में तो शामिल कर लिया गया लेकिन शहर की मूलभूत सुविधाओं से यहां के लोग अभी भी वंचित हैं। इस वार्ड में पार्क की कमी बुजुर्गों से लेकर बच्चों को बहुत खलती है। वार्ड के प्रतिनिधि जगह न होने की बात कहकर किनारा कर लेते हैं। बच्चों को खेलने के लिए स्थान न मिलने से मायूस रहना पड़ता है।

समस्या – 3
त्योहार में भी रोशन नहीं हुईं कालोनियां
दीवाली की रौनक शहर भर में दिखेगी लेकिन इस वार्ड की अधिकांश कालोनियां को रोशनी के बगैर त्योहार मनाना पड़ेगा। दरअसल नगर निगम के स्ट्रीट लाइटें लगाने के अभियान के बीच इस वार्ड की कई कालोनियां अभी भी अंधेरे में हैं। पार्षद का कहना है कि प्रमुख सड़कों पर लाइटें लग गई हैं। कालोनियों की गलियों में भी जल्द लाइट लगाने का प्रयास चल रहा है।

बिजली गड़बड़ हुई तो पानी के लिए परेशानी बढ़ जाती है। नलकूप के साथ ओवरहेड टैंक होना चाहिए। इसके लिए कोई प्रयास नजर नहीं आता है। – दीपक पांडे

चार दिन से पानी नहीं आया है। गौला का कनेक्शन है। जब से आपदा आई है, पानी की बूंद-बूंद को तरस गए हैं। किसी तरह ढो-ढोकर पानी ला रहे हैं। – हरी सिंह रावत

सड़क की स्थिति बहुत खराब है। जगह जगह गड्ढे हैं। क्षतिग्रस्त सड़क से दुर्घटनाओं का डर बना रहता है। सड़क जल्द ठीक हो तो परेशानी दूर होगी। – प्रेम प्रकाश

ई-रिक्शा चलाता हूं। रूप नगर व उसके आसपास की कालोनियों में सामान व सवारी लेकर आता हूं। कई बार सड़क खराब होने की वजह से गाड़ी को नुकसान होता है। – नरेश वर्मा

सड़क खराब होने की वजह से कई बाद दुर्घटना का डर बना रहता है। इन रास्तों में बेहद सावधानी से निकलना पड़ता है। कई बार मेरी स्कूटी फिसली है। – रेनू खोलिया

वार्ड की कई कालोनियों में सड़कें ठीक हैं। कुछ पर जल्द काम शुरू हो जाएगा। जेके पुरम के नलकूप स्थल पर ओवरहेड टैंक के लिए जगह तलाश रहे हैं। – राजेश्वरी भट्ट, पार्षद

संबंधित समाचार