बरेली: कलस्टर 2.0 अभियान के तहत शिक्षक भी करेंगे वैक्सीनेशन में सहयोग
बरेली, अमृत विचार। जिले में कोरोना की पहली डोज लगवाने वालों की संख्या में तेजी आई है लेकिन अब तक वैक्सीन की दूसरी डोज महज 20 फीसदी लोगों ने ही लगवाई है। यह स्वास्थ्य विभाग के लिए चिंता कारण बनी हुई है। इसके लिए शासन की ओर से क्लस्टर- 2.0 अभियान की शुरुआत करने की …
बरेली, अमृत विचार। जिले में कोरोना की पहली डोज लगवाने वालों की संख्या में तेजी आई है लेकिन अब तक वैक्सीन की दूसरी डोज महज 20 फीसदी लोगों ने ही लगवाई है। यह स्वास्थ्य विभाग के लिए चिंता कारण बनी हुई है। इसके लिए शासन की ओर से क्लस्टर- 2.0 अभियान की शुरुआत करने की तैयारी भी की जा रही है। इस अभियान के तहत क्लस्टर बनाकर घर पर पहुंचकर लोगों को कोरोना से बचाव के लिए वैक्सीन की दूसरी डोज लगाई जाएगी। इसके साथ ही दूसरी डोज के लिए शिविरों का आयोजन किया जाएगा। इसके साथ ही शिक्षक, कोटेदार, बैंक कर्मचारियों का भी सहयोग लिया जाएगा। इसके लिए अपर निदेशक स्वास्थ्य कार्यालय की ओर से मंडल के चारों जिलों को आवश्यक दिशा- निर्देश दिए गए हैं।
इस अभियान के तहत शिक्षकों को विशेष रूप से बच्चों के अभिभावकों को टीकाकरण के लिए जागरूक करने की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। वह अभिभावकों से उनके टीकाकरण प्रमाण पत्र भी मांगेंगे। इसके साथ ही 10-10 दिनों का माइक्रो प्लान बनाकर टीकाकरण को गतिमान बनाया जाएगा। इसके लिए सभी विभागों का सहयोग लेने के लिए रूपरेखा तैयार की जा रही है। अपर निदेशक स्वास्थ्य डा. एके गर्ग ने बताया कि शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में 1 नवंबर से वैक्सीनेशन क्लस्टर- 2.0 अभियान चलाया जाएगा। इसके लिए प्रत्येक विकास खण्ड के कई राजस्व गांवों को मिलाकर क्लस्टर बनाये जाएंगे। क्लस्टरों में शिक्षक, कोटेदारों का भी सहयोग लिया जाएगा।
फिर लुढ़का वैक्सीनेशन का ग्राफ, 32 प्रतिशत ने कराया वैक्सीनेशन
जिले में सोमवार को 32 प्रतिशत लोगों ने टीकाकरण कराया। स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी रिपोर्ट के अनुसार जिले में 1,02,000 के सापेक्ष 33,032 लोगों ने वैक्सीन लगवाई। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डा. आरएन सिंह ने बताया कि 45 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों के लिए 34 हजार का लक्ष्य दिया गया, जिसके सापेक्ष 11,699 लोगों ने वैक्सीन लगवाई, जिसमें से 10 हजार ने कोविशिल्ड व 1,699 लोगों ने कोवैक्सीन लगवाई। 18 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों के लिए विभाग ने 68 हजार का लक्ष्य के सापेक्ष 21,330 लोगों ने वैक्सीन लगवाई।
