बरेली: न आरोपियों की गिरफ्तारी न ही आदेश का पालन, ऐसे होती है भोजीपुरा पुलिस की जांच
बरेली, अमृत विचार। भोजीपुरा पुलिस पर विवेचना में लापरवाही और अधिकारियों के आदेश के बाद भी उचित कार्रवाई न करने समेत कई आरोप लगाते हुए दो पीड़ित पक्ष एसएसपी कार्यालय पहुंचे। एक साथ दो शिकायतों के पहुंचने पर एसएसपी ने नाराजगी जाहिर करते हुए दोनों मामलों में तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। विवियापुर कायस्थान …
बरेली, अमृत विचार। भोजीपुरा पुलिस पर विवेचना में लापरवाही और अधिकारियों के आदेश के बाद भी उचित कार्रवाई न करने समेत कई आरोप लगाते हुए दो पीड़ित पक्ष एसएसपी कार्यालय पहुंचे। एक साथ दो शिकायतों के पहुंचने पर एसएसपी ने नाराजगी जाहिर करते हुए दोनों मामलों में तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
विवियापुर कायस्थान की रहने वाली मुन्नी देवी ने बताया कि उन्होंने 18 अप्रैल 2021 को हत्या के प्रयास समेत डकैती व अन्य कई गंभीर धाराओं में भोजीपुरा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। आरोप है कि मामले में विवेचक द्वारा न ही बयान दर्ज करवाए गए और न ही कार्रवाई को आगे बढ़ाया गया। इसके अलावा आरोपियों के साथ सांठ-गांठ करके उनकी गिरफ्तारी न किए जाने का भी आरोप लगाया गया है। महिला ने बताया कि भोजीपुरा पुलिस जांच और पूछताछ के बहाने आरोपियों के घर तो जाती है लेकिन नाश्ता-पानी करके वहां से वापस चली आती है। मामले की शिकायत करते हुए पीड़िता ने विवेचना बदलने की मांग की है।
एसएसपी के आदेश के बाद भी नहीं हुई आरोपियों की गिरफ्तारी, न किशोरी हुई बरामद
भोजीपुरा थाना क्षेत्र के ही निवासी एक व्यक्ति ने बताया कि कुछ दिन पहले उसकी 16 वर्षीय बेटी का अपहरण अजहर ने अपने साथियों के साथ किया था। मामले की शिकायत पर भोजीपुरा पुलिस ने रिपोर्ट तो दर्ज की लेकिन तब से लेकर आज तक बस कार्रवाई के नाम पर टहलाती आ रही है। मामले में की शिकायत किशोरी के परिजनों ने अधिकारियों से की तो एसएसपी कार्यालय से भोजीपुरा पुलिस को आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए।
आरोप है कि इसके बावजूद भी अभी तक न ही आरोपियों की गिरफ्तारी की गई और न ही किशोरी को बरामद किया गया है। किशोरी के परिजनों ने आरोपियों द्वारा किशोरी के साथ अप्रिय घटना किए जाने की आशंका जताते हुए दोबारा एसएसपी कार्यालय में शिकायत की है।
