अमरोहा : किसान महापंचायत कल, राकेश टिकैत समेत कई बड़े किसान नेता पहुंचेंगे
अमरोहा, अमृत विचार। अमरोहा जोया रोड स्थित जोई के मैदान पर संयुक्त किसान मोर्चा की ओर से भाकियू टिकैत गुट के नेतृत्व में किसान महापंचायत कल आयोजित होगी। भाकियू प्रवक्ता राकेश टिकैत समेत कई बड़े किसान नेता महापंचायत को संबोधित करेंगे। शुक्रवार को भाकियू अराजनैतिक पदाधिकारियों ने महापंचायत को सफल बनाने को लेकर सभा स्थल …
अमरोहा, अमृत विचार। अमरोहा जोया रोड स्थित जोई के मैदान पर संयुक्त किसान मोर्चा की ओर से भाकियू टिकैत गुट के नेतृत्व में किसान महापंचायत कल आयोजित होगी। भाकियू प्रवक्ता राकेश टिकैत समेत कई बड़े किसान नेता महापंचायत को संबोधित करेंगे। शुक्रवार को भाकियू अराजनैतिक पदाधिकारियों ने महापंचायत को सफल बनाने को लेकर सभा स्थल पर रणनीति बनाई और तैयारियों को अंतिम रूप दिया।
कृषि कानून के विरोध में भाकियू अराजनैतिक पिछले कई महीनों से टोल प्लाजा पर धरना दे रही है। आंदोलन को और धार देने के लिए अमरोहा में किसान महापंचायत रखी गई है। वैसे तो महापंचायत की तारीख 17 अक्टूबर थी। सारी तैयारियां पूरी हो गई थीं, लेकिन 17 अक्टूबर की सुबह से ही दो दिन लगातार झमाझम बारिश हुई। जिसके बाद महापंचायत स्थगित कर दी गई थी। लेकिन अब शनिवार को अमरोहा जोया रोड स्थित जोई के मैदान में किसान महापंचायत आयोजित की जाएगी।
जिसको सफल बनाने को लेकर भाकियू पदाधिकारी पिछले कई दिनों से जुटे थे। संगठन के पदाधिकारियों से लेकर कार्यकर्ताओं द्वारा गांव-गांव बैठक की गई। शुक्रवार को भाकियू जिला अध्यक्ष चौधरी रामपाल सिंह, दानवीर सिंह सहित भाकियू पदाधिकारियों ने महापंचायत स्थल पर पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया। सुबह से ही भाकियू पदाधिकारी और कार्यकर्ता महापंचायत स्थल पर सभी तैयारियों को पूरा कराने के लिए सभा स्थल पर डटे रहे।
भाकियू जिला अध्यक्ष चौधरी रामपाल सिंह ने बताया महापंचायत में जनपद के किसान और भाकियू कार्यकर्ताओं से पहुंचने का आह्वान किया गया है। अन्य जनपदों से भी कुछ भाकियू नेताओं के पहुंचने की उम्मीद है। महापंचायत की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। शांतिपूर्ण तरीके से महापंचायत संपन्न कराई जाएगी। महापंचायत स्थल पर पेयजल, चिकित्सा की व्यवस्था रहेगी। वहीं जिला प्रशासन भी किसान महापंचायत को लेकर अलर्ट मोड पर है। महांपायत के दौरान भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहेगा।
