हल्द्वानी: नवीन मंडी रोड पर पांच सौ मीटर तक बिखरी है गंदगी, निगम प्रशासन बेपरवाह

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। शहर का तल्ली मानपुर उत्तर हकीकत में स्वच्छता के मामले में बिल्कुल बद्तर है। ग्राम पंचायत से शहर में शामिल होने के बावजूद जिम्मेदार लगातार इस वार्ड की उपेक्षा कर रहे हैं। नतीजा यह है कि इस वार्ड के अंतर्गत टीपी नगर से बरेली रोड को जोड़ती नवीन मंडी की सड़क पर …

हल्द्वानी, अमृत विचार। शहर का तल्ली मानपुर उत्तर हकीकत में स्वच्छता के मामले में बिल्कुल बद्तर है। ग्राम पंचायत से शहर में शामिल होने के बावजूद जिम्मेदार लगातार इस वार्ड की उपेक्षा कर रहे हैं। नतीजा यह है कि इस वार्ड के अंतर्गत टीपी नगर से बरेली रोड को जोड़ती नवीन मंडी की सड़क पर 500 मीटर की दूरी तक कचरे का ढेर लगा है। बावजूद इसके नगर निगम लापरवाही पर उतारू है।

सात हजार की आबादी वाले इस वार्ड की पड़ताल की तो इस सड़क के साथ साथ कालोनियों में भी जगह जगह कचरे के ढेर मिले। ताज्जुब की बात तो यह रही कि प्रदेश की सरकार से लेकर शहर की सरकार तक पॉलिथीन के खिलाफ बड़ी सख्त कार्रवाई का दावा करती रही है, लेकिन हकीकत में कचरे के ढेर उनकी पोल खोलते देखे जा सकते हैं। प्रतिबंधित पॉलिथीन के अलावा कचरे के ढेर में वायर, दवा के रेपर, खाद्य पदार्थ, सब्जी, फल आदि कई ऐसा कूड़ा भी था, जो सड़ने या जलने पर पर्यावरण के लिए जहर साबित हो सकता है। बावजूद इसके नगर निगम को कोई परवाह नहीं है। महीनों से ये कचरा इसी तरह जमा हुआ है, लेकिन इसे उठाने के लिए कोई कर्मचारी तक नियुक्त नहीं किया। काम चलाऊ व्यवस्था के साथ नगर निगम इस वार्ड में सिर्फ औपचारिकता ही कर रही है।

वार्ड संख्या 57 – तल्ली मानपुर उत्तर
आबादी – लगभग सात हजार
क्षेत्र – मुरारजी नगर, मंडी क्षेत्र, पुरानी धानमील, कृष्णा मॉल, ट्रांसपोर्ट नगर से होते हुए मानपुर उत्तर, अलखनंदा कालोनी, सरस्वति विहार, मयूर विहार, फ्रेंड्स कालोनी आधा हिस्सा, सतवाल कालोनी, कृष्णा कालोनी, बजरंग कालोनी आदि।

समस्या – 1
पानी के संकट से जूझते हैं लोग
वार्ड में पानी का संकट कई घरों में दुश्वारियां बढ़ा देता है। दरअसल नलकूप चलने के बावजूद कई घरों तक पानी ही नहीं पहुंचता। इसकी बड़ी वजह पुरानी लाइनों का होना बताया जा रहा है। आबादी बढ़ने के कारण इन लाइनों की क्षमता कम हो गई है। इस दिक्कत से अधिकांश क्षेत्रों के लोगों को जूझना पड़ता है।

समस्या – 2
खस्ताहाल सड़कें व जलभराव से परेशान
वार्ड में कई कालोनियों की सड़कों का हाल खराब है। खस्ताहाल हो चुकी सड़कों पर चल पाना भी लोगों को लिए मुश्किल होता है। यहां तक कि बिन बारिश भी कई सड़कों पर जलभराव की स्थिति बनी रहती है। यह समस्या फ्रेंड्स कालोनी, अलखनंदा कालोनी, मयूर विहार, मुरारजी नगर कालोनी, अग्निशमन केंद्र के पास बाइपास पर भी क्षतिग्रस्त होने से सड़क पर अक्सर दुर्घटनाएं भी हो जाती है।

समस्या – 3
प्रकाश और सीवर की व्यवस्था भूल गया निगम
वार्ड में प्रकाश और सीवर की व्यवस्था ही निगम भूल गया। शहर में स्ट्रीट लाइटों को लगाने का काम चल रहा है। लेकिन दिवाली को ध्यान में रखते हुए अब तक इस कालोनी में कोई लाइट नहीं लगाई गई। इस वजह से कई प्रमुख मार्गों व कालोनियों में में अंधेरा रहता है। वहीं सीवर लाइन को लेकर भी लोगों की मांगे उठने लगी हैं। साल भर पहले सर्वे के बाद निगम इस जरूरत को भूल गया। अब तक इस प्रोजेक्ट को लेकर कालोनी में क्या योजना है, उसे कागजों में भी नहीं उतारा गया है।

टीपी नगर में मेरा वर्कशॉप होने की वजह से दिन में कई बार इस रोड पर गुजरना पड़ता है। लेकिन जब भी कचरे के सामने आते हैं तो तबीयत बिगड़ जाती है। – शाहवाज खां

इमरजेंसी में ही मैं इस सड़क पर आता हूं। सड़क अच्छी है, इसलिए बाइक की रफ्तार बढ़ाकर जल्द ही इस गंदगी से पार पाने की कोशिश करता हूं। – अली खान

पिछले छह महीने पहले लाइन बिछाई गई थी। उसके बाद एक महीने के भीतर सड़क को बेहतर करने को कहा गया था। अब तक सड़क खस्ताहाल है। – गिरीश चंद्र

पानी की समस्या से बहुत परेशानी है। सड़क खराब होने से दुकान में दिन भर धूल साफ करनी पड़ती है। बारिश में जलभराव की दुश्वारियां सहनी पड़ती है। – अमान खां

कचरे से बहुत परेशान है। बरसात के दिनों में स्थिति और बुरी हो जाती है। न ही कोई कर्मचारी दिखता है और न ही जिम्मेदार इसे गंभीरता से लेते हैं। – सुशील कुमार

नई लाइनों बिछने के बाद पानी का संकट दूर हो जाएगा। सड़कों का जल्द ही निर्माण होगा। लाइटें भी लगेंगी, गंदगी साफ के लिए निगम को बोला गया है। – दिनेश कुमार, पार्षद

 

संबंधित समाचार