लखीमपुर-खीरी: धर्मांतरण कराकर युवक को पांच माह तक बनाया बंधक
मोहम्मदी (लखीमपुर-खीरी), अमृत विचार। मोहम्मदी कोतवाली क्षेत्र में धर्मांतरण का मामला सामने आया है। भाजपा विधायक के हस्तक्षेप करने पर पुलिस ने एक मदरसे पर छापा मारा और धर्मांतरण के बाद पांच महीने से बंधक बनाकर रखे गए एक युवक को बरामद कर पांच लोगों को हिरासत में लिया है। पीड़ित युवक के पिता ने …
मोहम्मदी (लखीमपुर-खीरी), अमृत विचार। मोहम्मदी कोतवाली क्षेत्र में धर्मांतरण का मामला सामने आया है। भाजपा विधायक के हस्तक्षेप करने पर पुलिस ने एक मदरसे पर छापा मारा और धर्मांतरण के बाद पांच महीने से बंधक बनाकर रखे गए एक युवक को बरामद कर पांच लोगों को हिरासत में लिया है। पीड़ित युवक के पिता ने मौलाना समेत छह लोगों के खिलाफ नामजद तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
कोतवाली मोहम्मदी क्षेत्र के गांव गरवापुर निवासी दामोदर ने बताया कि पुत्र अनुज (20) कोतवाली क्षेत्र के बरबर में स्थित एक भट्टे पर ईंट की पथाई का काम करता था। जिसने 5 माह पहले भट्टे पर ही काम करने वाले मुहल्ला सरैंया निवासी राशिद, सहवान और 2 -3 अन्य लोग मुस्लिम धर्म स्वीकार करने के लिए दबाव बनाते थे।
आरोप है कि दिल्ली में काम करने चलने के बहाने आरोपियों ने उसके पुत्र को बहला फुसला लिया और अपने साथ लेकर चले गए उसने पुत्र से मोबाइल पर कई बार बात करने की कोशिश की, लेकिन बात नहीं हुई। काफी जगह तलाश किया, लेकिन कोई पता नहीं चला। 29 अक्टूबर को उसे जानकारी हुई कि उसके पुत्र को सरैंया मंडी मार्ग पर स्थित दारुल उलूम फैजाने मुस्तफा मदरसे में रखा गया है। जिसका जबरन धर्मांतरण करने के लिए राशिद और सहवान अपने अन्य सहयोगियों के साथ बंधक बनाकर रखे हैं।
इस बात की जानकारी होने पर वह परिवार के कुछ लोगों के साथ मदरसा पहुंचा, जहां पहले उसे मिलने नहीं दिया गया। काफी हुज्जतबाजी के बाद वह अपने पुत्र से मिल सका। पुत्र ने पूछेजाने पर बताया कि आरोपी उससे जबरन मुस्लिम धर्म स्वीकार करना चाहते हैं और दबाव बना रहे हैं। उसे मदरसे से न तो बाहर जाने देते हैं और न ही किसी से कोई बात करने देते हैं। पिता ने बताया कि जब उसने पुत्र को छुड़ाने की बात कही तो आरोपियों ने उसके साथ गाली-गलौज की।
जाति सूचक शब्द कह कर जान से मारने की धमकी देकर भगा दिया। पीड़ित युवक के पिता ने सहवान पुत्र यूनुस, अफसर पुत्र मुशर्रफ अली, मुकीम पुत्र इरशाद, असलिम रजा पुत्र तकसीम रजा, इसहाक पुत्र मोहम्मद अली व मौलाना यूसुफ पुत्र लोटन के खिलाफ रिपोर्ट पुलिस को तहरीर दी है। जिस पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
एक व्यक्ति ने पुत्र का धर्मांतरण कराने का आरोप लगाया है। छह लोगों के खिलाफ पुलिस को तहरीर मिली है। पुलिस ने युवक को बरामद कर कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया है। मामले की रिपोर्ट दर्ज कर करवाई की जा रही है। -अरुण कुमार सिंह, एएसपी
