सरदार पटेल ने भारत के एकीकरण के लिए चलाया अभियान : मुख्यमंत्री योगी
लखनऊ। देश के प्रथम गृहमंत्री भारतरत्न सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाई जाती है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को राजधानी से मार्च पास्ट और झांकियों को हरी झंडी दिखाई। साथ ही राज्यपाल, उप मुख्यमंत्री व सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर कई …
लखनऊ। देश के प्रथम गृहमंत्री भारतरत्न सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाई जाती है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को राजधानी से मार्च पास्ट और झांकियों को हरी झंडी दिखाई। साथ ही राज्यपाल, उप मुख्यमंत्री व सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर कई सरकारी विभागों, विश्वविद्यालयों और स्कूलों में कई कार्यक्रम हुए।
मुख्यमंत्री ने अपने सरकारी आवास से 75 मोटरसाइकिल सवारों की रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल के प्रति श्रद्धांजलि और उनके राष्ट्रीय एकता और अखंडता के कार्य को स्मरण करता हूं। पटेल ने उस समय भारत के गृहमंत्री के रूप में पूरे भारत के एकीकरण के लिए जो अभियान चलाया, वह स्वतंत्र भारत के एकता और अखण्डता के शिल्पी माने गए। यह वर्ष देश की आजादी के लिए अपने को बलिदान करने वाले चौरी-चौरा के एतिहासिक घटना के उन सभी बलिदानियों की स्मृति की शताब्दी साल भी है।
हम सब जानते हैं कि चार फरवरी 1922 को गोरखपुर के चौरी-चौरा में देश की आजादी को लेकर वहां के स्थानीय किसानों, मजदूरों और नागरिकों ने एक बड़े अभियान को आगे बढ़ाया था, देश के क्रांतिकारियों से प्रेरणा लेकर के उस समय, उस राष्ट्रीय चेतना को जाग्रत करने वाले चौरी-चौरा कांड के रूप के भारतीय इतिहास में स्थान मिला।
राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने उनकी जयंती के अवसर पर श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि देश के प्रथम उप प्रधानमंत्री एवं गृह मंत्री सरदार वल्लभभाई पटेल ने 562 से ज्यादा रियासतों को इक्ठ्ठा करके अखंड भारत के सपने को साकार करने और देश को एकता के सूत्र में बांधने का अनुकरणीय कार्य किया। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने राजधानी के जीपीओ पार्क में सरदार पटेल की जयंती पर उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर आत्मिक व विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की। संभागीय परिवहन कार्यालय ट्रांसपोर्ट नगर में सरदार पटेल की जयंती राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाया गया। इस दौरान सभी अधिकारी और कर्मचारी मौके पर मौजद रहें।
सपा ने अर्पित की श्रद्धांजलि
समाजवादी पार्टी मुख्यालय समेत पूरे प्रदेश के कार्यालयों में समाजवादी आंदोलन के महानायक आचार्य नरेंद्र देव और लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल के चित्रों पर माल्यार्पण कर दोनों नेताओं को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर उनके रास्ते पर चलने का संकल्प लिया।
सरदार पटेल को प्रसपा ने किया याद
प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (प्रसपा) ने सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती को राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप मानते हुए संगोष्ठी आयोजित की। संगोष्ठी को ऑनलाइन संबोधित करते हुए पार्टी प्रमुख शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि सरदार पटेल भारत की एकता के प्रबल पक्षधर थे। वे देश की भौगोलिक एकता के ही नहीं साम्प्रदायिक सद्भाव के भी प्रमुख सूत्रधार थे। अध्यक्षता करते हुए पूर्व शिक्षा मंत्री शारदा प्रताप शुक्ल ने कहा कि सरदार पटेल के नाम पर भाजपा देश में भ्रम फैला रही है, प्रसपा इस भ्रम के खिलाफ अभियान चलाएगी। संचालक व मुख्य प्रवक्ता दीपक मिश्र ने सरदार पटेल के प्रगतिशील व समाजवादी अवधारणाओं पर प्रकाश डाला।
बीबीएयू में रन फॉर यूनिटी
बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर केंद्रीय विवि (बीबीएयू) में सरदार पटेल की 146वीं जयंती पूरे हर्षोउल्लास से मनाई गई। विवि में रन फॉर यूनिटी का आयोजन हुआ, जिसमें कुलसचिव, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने गौतम बुद्ध केंद्रीय पुस्तकालय से लेकर विवि के प्रेक्षागृह तक दौड़ की। उप्र राजर्षि टंडन मुक्त विवि के क्षेत्रीय केंद्र पर सरदार पटेल की जयंती पर छात्रों ने उनके व्यक्तित्व व कृतित्व पर विचार साझा किए और संक्षिप्त लेख भी लिखे।
सेंट जोजफ के बच्चे सम्मानित
इस अवसर पर सेंट जोसेफ समूह की झांकी को प्रथम स्थान, सांस्कृतिक कार्यक्रम सबसे पहले है भारत वासी को प्रथम स्थान, सीतापुर रोड शाखा के बैंड को प्रथम स्थान, राजाजीपुरम् के मार्च-पास्ट बालिका को प्रथम स्थान और सीतापुर रोड शाखा के मार्च-पास्ट बालक को द्वितीय स्थान मिला। इस सफलता से बच्चे व अध्यापक उत्साहित है। लौह पुरूष की जयंती पर राज्य सरकार की आयोजित निबंध प्रतियोंगिता में सीतापुर रोड शाखा की विजेता छात्रा रिचा पटेल को मुख्यमंत्री ने प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
