बरेली: अतिरिक्त राशन दो, नहीं तो लगवा दूंगी एससी एसटी एक्ट
बरेली, अमृत विचार। अनुसूचित जाति का फायदा उठाकर एक महिला ग्रामीणों के साथ-साथ अधिकारियों पर भी अनावश्क दबाव बना रही है। दुकान से राशन लेना हो या एक बार से ज्यादा बार किसी सरकारी सुविधा का लाभ लेना, महिला एससीएसटी एक्ट की धारा में रिपोर्ट दर्ज करवाने की धमकी देते हुए दबाव बना लेती है। …
बरेली, अमृत विचार। अनुसूचित जाति का फायदा उठाकर एक महिला ग्रामीणों के साथ-साथ अधिकारियों पर भी अनावश्क दबाव बना रही है। दुकान से राशन लेना हो या एक बार से ज्यादा बार किसी सरकारी सुविधा का लाभ लेना, महिला एससीएसटी एक्ट की धारा में रिपोर्ट दर्ज करवाने की धमकी देते हुए दबाव बना लेती है। आलम यह है कि महिला से परेशान होकर एक ग्राम विकास अधिकारी ने भी डीएम को पत्र लिख दिया। वहीं महिला की धमकियों से परेशान होकर बड़ी संख्या में ग्रामीण आईजी कार्यालय पहुंचे और महिला के खिलाफ शिकायत की।
शेरगढ़ थानाक्षेत्र के गांव बैरमनगर के ग्रामीण सोमवार को एकत्र होकर आईजी कार्यालय पहुंचे। सभी के एक साथ पहुंचने पर आईजी कार्यालय के अधिकारी भी हैरान रह गए, पूछने पर ग्रामीणों ने एक महिला के खिलाफ शिकायत करने की बात कही। पीड़ितों ने बताया कि उनके गांव में एक अनुसूचित जाति की महिला रहती है, जो ग्रामीणों व सरकारी अधिकारियों पर भी अनावश्यक दबाव बनाते हुए मानसिक तौर पर प्रताड़ित कर रही है।
आरोप लगाते हुए बताया कि महिला व उसके पति को अन्त्योदय कार्ड, मनरेगा मजदूरी कार्ड, इंदिरा आवास समेत सरकार द्वारा अनुसूचित जाति के लोगों को मिलने वाली सारी सुविधाएं पूर्व से मिली हुई हैं। आरोप है कि इसके बाद भी महिला जबरन जातिगत दबाव बनाते हुए गांव के कोटेदार से नियम से ज्यादा अनाज और गांव के दुकानदार से राशन लेने में कोई कसर नहीं छोड़ती है। वहीं आलम यह है कि महिला ने ग्राम विकास अधिकारी वीरेंद्र पाल पर भी दोबारा इंदिरा आवास दिलवाने का दबाव बनाया था, जिसका विरोध करने महिला ने उन्हें एससी एसटी एक्ट के मामले में फंसाने की धमकी भी दे डाली थी।
जिसके बाद उन्होंने महिला की रिपोर्ट खण्ड विकास अधिकारी को भी भेजी थी। वहीं महिला के दबाव के चलते मानसिक प्रताड़ना की शिकायत लेकर ग्रामीणों ने आईजी कार्यालय पहुंचकर मामले की शिकायत की और महिला के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
