बरेली: स्टेडियम के सामने हो गया बदायूं रोड जैसा हाल
बरेली, अमृत विचार। शहर की स्टेडियम रोड का हाल भी बदायूं रोड जैसा ही हो गया है। यहां स्टेडियम के सामने भयंकर गड्ढे हैं और वहां सीवर लाइन का काम चलने से रोड पर काफी जलभराव हो गया है। ऐसे में लोगों को काफी दिक्कत हो रही है। राहगीरों का कहना है कि यह बहुत …
बरेली, अमृत विचार। शहर की स्टेडियम रोड का हाल भी बदायूं रोड जैसा ही हो गया है। यहां स्टेडियम के सामने भयंकर गड्ढे हैं और वहां सीवर लाइन का काम चलने से रोड पर काफी जलभराव हो गया है। ऐसे में लोगों को काफी दिक्कत हो रही है। राहगीरों का कहना है कि यह बहुत बड़ी समस्या है। इससे आए दिन लोग गिरते रहते हैं लेकिन अधिकारियों को इससे कोई फर्क नहीं पड़ रहा है।
बदायूं रोड पर करगैना के पास करीब तीन सौ मीटर रोड पर भयंकर व जानलेवा गड्ढे बने हुए हैं। बारिश में वहां जलभराव हो जाने से लोगों को काफी दिक्कत हो रही है। वहां आए दिन वाहनों के पलटने का भी सिलसिला चल रहा है लेकिन पीडब्ल्यूडी के अधिकारी इस काम को एनएचएआई को बताकर पल्ला झाड़ रहे हैं।
यही हाल इधर स्टेडियम रोड के सामने रोड का हो गया है। नगर निगम यहां रोड का चौड़ीकरण का काम कर रहा है। इसके लिए दोनों ओर सड़क को खोदकर छोड़ दिया गया है। सबसे ज्यादा खराब हालत स्टेडियम के मेन गेट के ठीक सामने का है। यहां पर करीब सौ मीटर रोड पर भयंकर गड्ढे हो गए हैं। ट्यूलिप टॉवर के सामने सीवर का काम चल रहा है। इसलिए यहां जबरदस्त जलभराव भी हो रहा है। इस वजह से लोग यहां गड्ढे के खतरे का आभास नहीं कर पा रहे। इससे यहां दिनभर हादसे हो रहे हैं।
यहां पूर्व में नगर निगम के अधिकारी भी कई बार निरीक्षण कर चुके हैं लेकिन ठेकेदार इस काम को जल्द पूरा नहीं करा पा रहा है। जबकि इस रोड पर काफी ट्रैफिक रहता है। इसके बावजूद कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। इससे शहर के लोगों में इस लापरवाही को लेकर रोष पनप रहा है।
