बदायूं: देर शाम घर से गायब हुई युवती का सुबह मिला शव, हत्या की आशंका

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अलापुर/बदायूं, अमृत विचार। गुरुवार को देर शाम अचानक घर से गायब हुई युवती का शव शुक्रवार को गांव बिलहरी के जंगल में अमरूद के बाग में मिला। युवती के शव के पास एक पर्स में उसका आधार कार्ड, फोटो, बैंक पासबुक और एक जोड़ी पायजेब मिली। युवती की हत्या की आशंका है। एसएसपी डॉ. ओपी …

अलापुर/बदायूं, अमृत विचार। गुरुवार को देर शाम अचानक घर से गायब हुई युवती का शव शुक्रवार को गांव बिलहरी के जंगल में अमरूद के बाग में मिला। युवती के शव के पास एक पर्स में उसका आधार कार्ड, फोटो, बैंक पासबुक और एक जोड़ी पायजेब मिली। युवती की हत्या की आशंका है। एसएसपी डॉ. ओपी सिंह और एसपी देहात सिद्धार्थ वर्मा, सीओ दातागंज ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। अज्ञात पर मुकदमा दर्ज करके शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

थाना अलापुर क्षेत्र के गांव सुढोमई निवासी नेमचंद्र पुत्र लाखनराम की बेटी सुशीला (21) गुरुवार की रात लगभग दस बजे घर से अचानक गायब हो गई। बिना किसी को जानकारी दिए परिजन रिश्तेदारों के साथ उसकी तलाश करते रहे लेकिन पता नहीं चला। शुक्रवार को नेमचंद को दोपहर सवा 12 बजे जानकारी मिली कि उनकी बेटी का शव अमरूद के खेत में पड़ा है। इसी बीच पुलिस को भी सूचना दी गई। परिजनों ने मौके पर पहुंचकर शव की शिनाख्त की। पास में ही उसका आधार कार्ड, फोटो, बैंक पासबुक और पायजेब पड़ा था।

पुलिस ने उच्चाधिकारियों को अवगत कराया। तो एसएसपी, एसपी देहात मौके पर पहुंचे। सुशीला के पिता नेमचंद से बात की। नेमचंद ने बताया कि गुरुवार को दीपावली मनाने के बाद सुशील घर से गायब हो गई थी। घर पर कुछ नकदी और आभूषण भी नहीं थे। उन्होंने गांव के ही एक युवक पर आरोप लगाया लेकिन जांच पूरी होने तक कार्रवाई से इंकार कर दिया। कहा कि पहले सुशीला के मोबाइल फोन की कॉल डिटेल के आधार पर पता करें, जांच पूरी करें। उसके आधार पर तहरीर देंगे। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। मौत को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चा है। इंस्पेक्टर संजय कुमार सिंह ने बताया कि अज्ञात पर मुकदमा दर्ज किया गया है। जांच की जा रही है। जल्द ही खुलासा किया जाएगा।

“युवती को दो गनशॉट इंजरी हैं। मृतका के पिता ने बताया कि घर से कुछ रुपये और आभूषण गायब हैं। गांव के ही एक युवक पर हत्या का शक जताया है लेकिन पहले पुष्ट होने को कहा है। हत्या का अभियोग पंजीकृत किया गया है। फारेंसिक, एसओजी और थाना पुलिस को जल्द खुलासा करने का निर्देश दिया गया है।” – डॉ. ओपी सिंह, एसएसपी

संबंधित समाचार