हल्द्वानी: 1200 रुपए में टैंकर खरीदने को मजबूर लोग, जल संस्थान के अधिकारी बेपरवाह

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। लालडांठ रोड पर चंबल पुल के पास स्थित चार कॉलोनियों निर्मल विहार, लक्ष्मी विहार, जीना कॉलोनी, रतन पुरम के लोग करीब 10 दिनों से पानी की एक-एक बूंद के लिए तरस गए हैं। आलम यह है कि यहां लोगों को निजी टैंकर के लिए 1200 रुपए तक चुकाने पड़ रहे हैं। शिकायत …

हल्द्वानी, अमृत विचार। लालडांठ रोड पर चंबल पुल के पास स्थित चार कॉलोनियों निर्मल विहार, लक्ष्मी विहार, जीना कॉलोनी, रतन पुरम के लोग करीब 10 दिनों से पानी की एक-एक बूंद के लिए तरस गए हैं। आलम यह है कि यहां लोगों को निजी टैंकर के लिए 1200 रुपए तक चुकाने पड़ रहे हैं। शिकायत के बाद भी जल संस्थान के अधिकारी टैंकर नहीं भेज रहे हैं, जिसके लोगों में आक्रोश है। इधर, जल संस्थान के अधिशासी अभियंता ने रविवार सुबह तक पेयजल आपूर्ति सुचारू होने की बात कही है।

निर्मल विहार कॉलोनी में निजी टैंकर से पानी भरने को मजबूर लोग।

सामाजिक कार्यकर्ता दिनेश चंद्र गुणवंत ने बताया कि कई बार जल संस्थान के जेई से लेकर ईई तक को समस्या से अवगत कराया जा चुका है लेकिन समाधान कराना तो दूर जल संस्थान के सरकारी टैंकर भी नहीं भेजे जा रहे हैं। मजबूरी में लोग 800 से 1200 रुपए में निजी टैंकर मंगवा रहे हैं।

सामाजिक कार्यकर्ता दिनेश चंद्र गुणवंत
कंचन पांडे।
शोभा गुणवंत

निर्मल विहार कॉलोनी निवासी शोभा गुणवंत और कंचन पांडे ने बताया कि दो हफ्ते होने को आए हैं लेकिन एक बार भी विभागीय अधिकारियों ने सुध नहीं ली। गर्मी के दिनों में तो पेयजल की किल्लत बनी ही रहती थी, अब जाड़ों में भी पेयजल के लिए तरसना पड़ रहा है। जल संस्थान की ओर से पेयजल तो नहीं पहुंचता लेकिन भारी भरकम बिल जरूर समय से पहुंच जाता है।

जीना कॉलोनी निवासी बसंती अधिकारी और लक्ष्मी विहार निवासी ममता नेगी ने बताया कि विभागीय अधिकारी कभी सिल्ट तो कभी पेयजल लाइन टूटने की बात कहकर अपना पल्ला झाड़ लेते हैं लेकिन जनता को हो रही परेशानी से उनका दूर-दूर तक कोई वास्ता नहीं होता। जबकि गौला नदी में पेयजल की कोई कमी नहीं रहती है। फिर भी अधिकारियों की हीलाहवाली और प्लानिंग के अभाव में जनता बेवजह पेयजल को तरसने को मजबूर है।

बोले अधिशासी अभियंता- रविवार सुबह तक पेयजल आपूर्ति सुचारू होने के आसार :क्षेत्र में पेयजल किल्लत के सवाल पर जल संस्थान के अधिशासी अभियंता संजय कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि गैस पाइप लाइन टूटने से पेयजल की किल्लत बनी हुई है। इस कारण इन कॉलोनियों में पेयजल संकट बना है। पनचक्की चौराहे पर मरम्मत का काम चल रहा है। दो नवंबर की रात को पाइप लाइन टूटी है। एक -दो दिन की मेहनत के बाद शहर की पेयजल आपूर्ति सुचारू कर दी गई है। उम्मीद है कि रविवार सुबह तक चंबल पुल क्षेत्र की कॉलोनियों में पेयजल सुचारू हो जाएगी। 

टैंकर भेजने के सवाल पर ईई ने कहा कि सभी जेई को प्रभावित क्षेत्रों में पेयजल टैंकर भेजने के निर्देश दिए गए हैं। हो सकता है कि लोग जेई से कॉर्डिनेट नहीं कर पा रहे हों। टैंकर भेजने का जिम्मा जेई पर ही है। 

संबंधित समाचार