नैनीताल: जनपद में अधिकारियों की कमी, निदेशालय में अधिकारियों की भीड़
बबीता पटवाल, हल्द्वानी। समाज कल्याण विभाग के निदेशालय में अधिकारियों की नियुक्तियों को वरीयता दी जा रही है जबकि जनपद स्तर पर काम करने के लिए अधिकारियों की कमी चल रही है। 13 में से 10 जिलों में प्रभारी जिला समाज कल्याण अधिकारी के तौर पर जिम्मेदारी निभाई जा रही है जबकि निदेशालय में अधिकारियों …
बबीता पटवाल, हल्द्वानी। समाज कल्याण विभाग के निदेशालय में अधिकारियों की नियुक्तियों को वरीयता दी जा रही है जबकि जनपद स्तर पर काम करने के लिए अधिकारियों की कमी चल रही है। 13 में से 10 जिलों में प्रभारी जिला समाज कल्याण अधिकारी के तौर पर जिम्मेदारी निभाई जा रही है जबकि निदेशालय में अधिकारियों की तैनाती तेजी से की जा रही है।
समाज कल्याण विभाग के निदेशालय में नौ अधिकारी तैनात कर दिए गए हैं। अभी हाल ही में तीन अधिकारियों को प्रतिनियुक्ति के आधार पर निदेशालय में भेजा गया है। इनमें एक राजकीय इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य तो एक सीडीपीओ पद पर काम करने वाले अधिकारी हैं। एक बाहरी विभाग से भी अधिकारी को प्रतिनियुक्ति के तौर पर निदेशालय में भेजे जाने का आदेश जारी हुआ है।
इधर जनपद स्तर पर अधिकारियों की कमी होने की वजह से प्रशासनिक कामों के निर्वहन में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। समाज कल्याण विभाग में दस जिलों में जिला समाज कल्याण अधिकारी का पद प्रभारी स्तर पर चलाया जा रहा है। जिसे अन्य अधिकारी प्रभारी के तौर पर देख रहे हैं। केवल देहरादून, ऊधमसिंह नगर और रुद्रप्रयाग जिलों में जिला समाज कल्याण अधिकारी नियमित तौर पर कार्य कर रहे हैं। इसके अलावा निदेशालय में नौ अधिकारी कार्यरत हैं। विभाग का काम सुचारू तौर पर चलाए जाने के लिए जनपद स्तर पर अधिकारियों के खाली पड़े पदों को भरने की जरूरत है।
सबसे ज्यादा पद द्वितीय श्रेणी में खाली
समाज कल्याण विभाग में प्रथम श्रेणी में 12 पद स्वीकृत हैं। इनमें से पांच पदों पर अधिकारी तैनात हैं। इनमें निदेशक, अपर निदेशक, संयुक्त निदेशक, उप निदेशक, मुख्य वित्त नियंत्रक और प्रधानाचार्य स्तर के अधिकारी शामिल हैं। इसके अलावा द्वितीय श्रेणी में अपर जिला विकास अधिकारी, सहायक निदेशक, जिला समाज कल्याण अधिकारी आदि होते हैं। इस श्रेणी में स्वीकृत 470 पदों में 219 पद भरे हुए हैं और बाकी के खाली हैं। इसके अलावा तृतीय श्रेणी में 470 में से 219 और चतुर्थ श्रेणी में 222 में से 112 पद पर भरे हुए हैं बाकी के पद खाली चल रहे हैं।
समाज कल्याण विभाग में खाली पद
श्रेणी खाली पद (%)
प्रथम 59
द्वितीय 72
तृतीय 53
चतुर्थ 48
मुख्य सचिव छुट्टी पर गए हैं, उनके वापस आने पर ही नियुक्ति के संबंध में कोई जानकारी मिल सकती है। – झरना कमथान , अपर सचिव, समाज कल्याण विभाग
