मुरादाबाद : शिशु की मौत और महिला की हालत बिगड़ने पर हंगामा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद/ठाकुरद्वारा, अमृत विचार। नगर के सरकारी अस्पताल के जच्चा-बच्चा केंद्र में सोमवार को डिलीवरी के बाद शिशु की मौत हो गई जबकि अधिक खून बहने से महिला की हालत बिगड़ गई। परिजनों ने ड्यूटी पर मौजूद कर्मचारियों पर लापरवाही का आरोप लगाकर जमकर हंगामा किया। गांव गोपीबाला निवासी तस्लीम ने पत्नी नसरीन जहां को रविवार …

मुरादाबाद/ठाकुरद्वारा, अमृत विचार। नगर के सरकारी अस्पताल के जच्चा-बच्चा केंद्र में सोमवार को डिलीवरी के बाद शिशु की मौत हो गई जबकि अधिक खून बहने से महिला की हालत बिगड़ गई। परिजनों ने ड्यूटी पर मौजूद कर्मचारियों पर लापरवाही का आरोप लगाकर जमकर हंगामा किया।

गांव गोपीबाला निवासी तस्लीम ने पत्नी नसरीन जहां को रविवार रात 8 बजे डिलीवरी के लिए सरकारी अस्पताल के जच्चा-बच्चा केंद्र में भर्ती कराया। सोमवार सुबह महिला ने बच्चे को जन्म दिया, जिसकी कुछ देर बाद ही मौत हो गई। महिला के परिजन बच्चे को दफन करने के लिए चले गए। इस बीच अधिक खून बहने के कारण महिला की हालत बिगड़ने लगी।

ड्यूटी पर मौजूद नर्स ने महिला को निजी एम्बुलेंस से काशीपुर भिजवा दिया। बच्चे को दफन करने के बाद जब पीड़ित परिजन अस्पताल पहुंचे तो वहां पर महिला नसरीन को न देखकर भड़क गए। उन्होंने बच्चे की मौत के लिए ड्यूटी पर मौजूद कर्मचारियों को जिम्मेदार ठहराते हुए महिला को गायब करने का आरोप लगाकर हंगामा शुरू कर दिया।

जच्चा-बच्चा केंद्र के अंदर घुसकर शोर शराबा करने लगे। शाम करीब 4 बजे ड्यूटी पर मौजूद स्टाफ नर्स ने यह कहकर अपना बचाव करने की कोशिश की कि बह उस समय ड्यूटी पर नहीं थी। उसके बाद पुलिस मौके पर आ गई। पुलिस ने हंगामा कर रहे लोगों को समझा बुझाकर शांत किया। उन्हें बताया कि महिला की जान बचाने के लिए उसे काशीपुर भिजवाया गया है। इस पर परिजन जच्चा-बच्चा केंद्र के कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई करने की बात कहकर चले गए।

महिला की बच्चेदानी डिलीवरी से पहले ही उल्टी हो गई थी। जिस कारण बच्चे की हालत बिगड़ने पर उसकी मौत हो गई, जबकि डिलीवरी के बाद अधिक खून बहने के कारण महिला की हालत बिगड़ गई। महिला की जान बचाने के लिए उसे संबंधित नर्स ने काशीपुर भिजवा दिया था। इस संबंध में कोई शिकायत मिलने पर जांच करवाई जाएगी। डॉ. नितिन कुमार, प्रभारी अधीक्षक, सरकारी अस्पताल ठाकुरद्वारा

संबंधित समाचार