हल्द्वानी: ओएलएक्स और गूगल पर जालसाजी का जाल, फंसे तो कंगाल
सर्वेश तिवारी, अमृत विचार। ओएलएक्स और गूगल पर जालसाजी का जाल बिछा है और भूले से भी अगर फंसे तो समझो कंगाल हो गए। इसको लेकर पुलिस खासी सतर्क है लेकिन अगर आप सतर्क नहीं तो फिर लुटने से कोई नहीं बचा सकता। अगर आप इस जालसाजी में समझदारी के बावजूद फंस जाते हैं तो …
सर्वेश तिवारी, अमृत विचार। ओएलएक्स और गूगल पर जालसाजी का जाल बिछा है और भूले से भी अगर फंसे तो समझो कंगाल हो गए। इसको लेकर पुलिस खासी सतर्क है लेकिन अगर आप सतर्क नहीं तो फिर लुटने से कोई नहीं बचा सकता।
अगर आप इस जालसाजी में समझदारी के बावजूद फंस जाते हैं तो डूबी रकम को वापस पाने का सबसे पहला उपाय पुलिस है लेकिन ये इससे तय होता है कि ठगी का शिकार होने के कितनी देर बाद आप पुलिस और संबंधित बैंक तक पहुंचते हैं।
नैनीताल पुलिस ने ऑन लाइन होने वाले फ्रॉड को लेकर जागरुकता अभियान की शुरूआत की है। ओएलएक्स पर सबसे ज्यादा फ्रॉड वाहन खरीदने-बेचने के नाम पर किया जा रहा है। इसलिए अगर आप ओएलएक्स पर वाहन खरीदते हैं तो डिलीवरी से पहले एक भी रुपए का भुगतान न करें।
ओएलएक्स पर अगर कोई खुद को आर्मी, एयरफोर्स का अधिकारी बताता है और कहता है कि वह अपने ट्रांसफर या शादी में नई गाड़ी मिलने की वजह से पहले वाली गाड़ी बेचना चाहता है तो समझ लीजिए कि यहां जालसाजी की सबसे ज्यादा संभावना है।
इसी तरह दुनिया के सबसे बड़े सर्च इंजन गूगल पर लोग जालसाजी का शिकार हो रहे हैं। आज किसी भी जानकारी के लिए लोग गूगल का सहारा ले रहे हैं और इसी का फायदा जालसाज उठाते हैं। अमूमन लोग किसी कंपनी के कस्टमर केयर नंबर की तलाश में गूगल पर सर्च करते हैं। गूगल से मिलने वाले अधिकांश नंबर जालसाजों के होते हैं।
फ्रॉड होने पर सबसे पहले करें ये काम
1-फॉड होने पर तुरंत बैंक की पास बुक, मोबाइल मैसेज, आधार कार्ड, एटीएम कार्ड फ्रॉड या ट्रांजेक्शन का मैसेज और इंटरनेट बैंकिंग का स्क्रीन शॉट लेकर नजदीकी पुलिस साइबर सेल से मिलें।
2-50 हजार रुपए से कम का फ्रॉड होने पर तुरंत जिला पुलिस साइबर सेल से संपर्क करें।
3- 50 हजार या इससे अधिक का फ्रॉड होने पर स्टेट पुलिस साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराएं।
4- फ्रॉड होने पर खाता ब्लॉक या ट्रांजेक्शन रोकने के लिए हमेशा अपने बैंक के कस्टमर केयर नंबर का प्रयोग करें।
5- फ्रॉड होने पर जितना अधिक समय गवाएंगे, उतना ही रकम वापसी की संभावना कम होती जाएगी।
फ्रॉड से बचने के लिए बरतें ये सावधानी
1- ओएलएक्स पर खरीदारी करने के बाद रकम का भुगतान सामान मिलने पर ही करें।
2- ऑन लाइन ट्रांजेक्शन करने से पहले क्रॉस चेक जरूर करें।
3- कस्टमर केयर नंबर सर्च करने के लिए हमेशा अधिकृत एप या वेबसाइड का उपयोग करें।
4- कस्टमर केयर नंबर सर्च करने के लिए गूगल का उपयोग कतई न करें।
5- किसी सोशल फंड से पैसे की डिमांड पर फोन कर क्रॉस चेक जरूर करें।
6- किसी अंजान यूआरएल, एनीडेक्स एप को ओपन या डाउनलोड न करें।
बैंक का कस्टमर केयर अधिकारी बन 50 हजार रुपये ठगे
देहरादून की रहने वाली एक महिला ने अपना नाम न छापने की शर्त पर बताया कि एक अज्ञात व्यक्ति ने उनसे फोन पर संपर्क किया। उसने खुद को पंजाब नेशनल बैंक का कस्टमर केयर अधिकारी बताया। जालसाज ने उनके बैंक खाते और एटीएम कार्ड की जानकारी लेकर खाते से 49,990 रुपये उड़ा लिए। पुलिस को जांच में पता चला कि साइबर ठग ने पेटीएम के माध्यम से धनराशि उड़ाई है। पुलिस पेटीएम अधिकारियों से संपर्क कर पूरा पैसा पीड़ित को वापस कराया।
ओएलएक्स पर बाइक खरीदने के नाम पर 72 हजार ठगे
साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन में एक व्यक्ति ने ठगी की शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के अनुसार उन्होंने ओएलएक्स पर अपनी बाइक बेचने का विज्ञापन डाला था। एक अज्ञात व्यक्ति ने उनसे फोन पर संपर्क कर बाइक खरीदने की बात कही। वाहन खरीदने की बात कहने वाले जालसाज ने गूगल-पे के जरिये भुगतान करने की बात कही और एक लिंक पीड़ित को भेजा। पीड़ित ने जैसे ही लिंक पर क्लिक किया तो उसके खाते से 72 हजार रुपये साफ हो गए।
