सीतापुर: कोर्ट के आदेश पर हुई रिकाउंटिंग, दो मतों से जीत गई हारी हुई प्रधान प्रत्याशी
सीतापुर। पंचायत चुनाव में धांधली का एक प्रमाण मंगलवार को जिले के लहरपुर तहसील क्षेत्र में सबसे सामने आ गया। प्रधानी का चुनाव हारी एक महिला उम्मीदवार ने कोर्ट के आदेश से दोबारा मतगणना कराई तो तहसील प्रशासन की तरफ से विजेता घोषित की गई महिला उम्मीदवार को हार का मुंह देखना पड़ा। जिस महिला …
सीतापुर। पंचायत चुनाव में धांधली का एक प्रमाण मंगलवार को जिले के लहरपुर तहसील क्षेत्र में सबसे सामने आ गया। प्रधानी का चुनाव हारी एक महिला उम्मीदवार ने कोर्ट के आदेश से दोबारा मतगणना कराई तो तहसील प्रशासन की तरफ से विजेता घोषित की गई महिला उम्मीदवार को हार का मुंह देखना पड़ा। जिस महिला उम्मीदवार को हारा हुआ घोषित किया गया था, उसके वोट ज्यादा निकले और उसे दो मतों से आज विजयी घोषित किया गया। जबकि पूर्व में विजेता घोषित की गई महिला उम्मीदवार दोबारा मतगणना में चुनाव हार गई।
भारी पुलिस व्यवस्था के बाद आज मतगणना कराई गई थी। यह मामला लहरपुर तहसील क्षेत्र के नकुरी कलां गांव का है। दरअसल लहरपुर तहसील क्षेत्र के अंतर्गत विकासखंड हरगांव की ग्राम पंचायत नकुरी कलां में विगत पंचायत चुनाव में प्रत्याशी कुसुम कुमारी को 220 मत प्राप्त हुए थे, वहीं उनकी निकटतम प्रतिद्वंद्वी राधा रानी को 207 मत प्राप्त हुए थे। चुनाव में कुसुम कुमारी को 13 वोटों से विजयी घोषित किया गया था। अपनी हार से असंतुष्ट राधा रानी ने हार स्वीकर न करते हुए न्यायालय का दरवाजा खटखटाया। न्यायालय की शरण में जाकर राधा रानी ने रिकाउंटिंग कराने की मांग की।
उनकी मांग पर विचार करते हुए न्यायालय ने पुन: मतगणना कराने का आदेश दिया। जिसके चलते मंगलवार को लहरपुर तहसील में तहसीलदार मदन मोहन वर्मा, कानूनगो बीड़ी यादव व लेखपाल आलोक श्रीवास्तव की मौजूदगी में दोबारा मतगणना की गई। जिसमें राधा रानी को 201 मत प्राप्त हुए, वहीं पूर्व में विजयी प्रत्याशी कुशुम कुमारी को 199 मत प्राप्त हुए। 94 मत खराब निकले। पुनः मतगणना में दो मतों से राधा रानी को विजयी घोषित किया गया। जीत के बाद उनके समर्थकों के द्वारा मिठाई बांटकर रंग गुलाल उड़ाया गया।
वहीं सुरक्षा की दृष्टि से कोतवाली प्रभारी मनीष कुमार सिंह, तालगांव पुलिस, हरगांव पुलिस व तंबौर पुलिस सहित भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा। सुरक्षा व्यवस्था के बीच शांतिपूर्ण ढंग से रिकाउंटिंग कराई गई। राधा रानी के विजयी होने पर तहसील प्रशासन ने उन्हें प्रमाण पत्र दिया।
