हल्द्वानी: छात्र-छात्राओं ने किया प्रतिभा का प्रदर्शन, उत्तराखंडी व्यंजन महोत्सव की रही धूम

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। उत्तराखंड के 22 वें स्थापना दिवस पर आम्रपाली संस्थान के होटल प्रबंधन विभाग में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रमों में कोलाज मेकिंग प्रतियोगिता, भाषण प्रतियोगिता, उत्तराखंडी व्यंजन महोत्सव और उत्तराखंडी खाद्य को बढ़ावा देने के लिए पैनल चर्चा का आयोजन किया गया। उत्तराखंड की संस्कृति, पर्यटन, धर्मस्थल व सांस्कृतिक महोत्सव …

हल्द्वानी, अमृत विचार। उत्तराखंड के 22 वें स्थापना दिवस पर आम्रपाली संस्थान के होटल प्रबंधन विभाग में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रमों में कोलाज मेकिंग प्रतियोगिता, भाषण प्रतियोगिता, उत्तराखंडी व्यंजन महोत्सव और उत्तराखंडी खाद्य को बढ़ावा देने के लिए पैनल चर्चा का आयोजन किया गया।

उत्तराखंड की संस्कृति, पर्यटन, धर्मस्थल व सांस्कृतिक महोत्सव व मेलों की थीम पर कोलाज मेकिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का समंवयन प्रतीक बिष्ट ने किया। प्रतियोगिता में संस्थान के विभिन्न सेमेस्टर के विद्यार्थियों ने मनमोहक कोलाज बनाए। निर्णायक दीपक सिंह रावत व पूजा मेहता रहे। प्रतियोगिता में लक्ष्मी पांगती ने प्रथम, कैलाश सिंह ने द्वितीय व दीक्षा पांडे ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

दूसरे चरण में आयोजित भाषण प्रतियोगिता में वैश्विक महामारी कोविड व प्राकृतिक आपदा के बाद उत्तराखंड पर्यटन का पुर्नउद्धार विषय पर विद्यार्थियों ने विचार व्यक्त किए। प्रतियोगिता समन्वयक तमन्ना जोशी के अनुसार प्रतियोगिता में प्रथम स्थान पर शान्तनु शाह, द्वितीय स्थान पर निखिल वाघमारे व तृतीय स्थान पर अमितेश असवाल रहे। निर्णायक मंडल में डॉ. सविता उप्रेती व नैना मल्होत्रा शामिल रहे।

तीसरे चरण में आयोजित उत्तराखंडी व्यंजन महोत्सव में विद्यार्थियों ने बिन्दुली का भात, सिसौण का साग, गहत की दाल, भट्ट की चुड़कानी, पालक का कापा, रायता, आलू के गुटके, झिंगोरे की खीर, माल पुआ, बड़ा आदि व्यंजन परोसे। इन व्यंजनों को बनाने के लिय कुमाऊं के दूर दराज के इलाकों के बुजुर्गों से इन व्यंजनों की रेसिपी एकत्र की गई और प्रमाणिक स्वाद बनाए रखने के लिए इसे पहले से आजमाया और परखा गया था।

चौथे चरण में आयोजित पैनल चर्चा में उत्तराखंडी भोजन के पोषक गुणों व इसके वैश्विक स्तर पर प्रचार व प्रसार विषय पर विषेषज्ञों ने ऑनलाइन माध्यम से चर्चा की। पैनल में देहरादून से शैफ राहुल वाली, जेपी होटल मसूरी से शैफ तनुज नैयर, आनन्दा होटल ऋषिकेष के शैफ दिवाकर बलोदी, मैनेजमेंट आफिसर उत्तरप्रदेश राज्य विभाग के डा. दिनेश कारूष व आम्रपाली संस्थान के डॉ. विनोद नेगी शामिल रहे।

पैनल चर्चा की मॉडरेटर की भूमिका मनुप्रिया चैधरी ने निभाई। पैनल चर्चा में विषेषज्ञों द्वारा यह भी प्रस्तावित किया गया कि कुमाऊं और गढवाल के स्थानीय भोजन में बहुत से चिकित्सा स्वास्थ्य मूल्य हैं और यदि इसे सही तरीके से मैनू में प्रस्तुत किया जाए तो यह स्थानीय भोजन के पुनरूद्धार के रूप में कार्य करेगा। उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि विद्यार्थियों को होटल मे अनुभव लेने के पश्चात भविष्य में उद्यमी बनने की योजना बनानी चाहिए और स्थानीय क्षेत्रों के साथ -साथ वैश्विक पटल पर भी विशेष फूड कॉर्नर व रेस्तरां खोलने चाहिए।

संस्थान के शिक्षा विभाग ने भी कार्यक्रम आयोजित किए। कार्यक्रम समन्वयक डॉ. किरन सती ने बताया कि सरस्वती वंदना से प्रारम्भ हुए कार्यक्रम में बीएड के विद्यार्थियों ने उत्तराखंड के सांस्कृतिक, ऐतिहासिक, भौगोलिक व आर्थिक परिस्थितियों का प्रस्तुतिकरण किया। उन्होंने छोलिया नृत्य, झोडा-चाचरी, कुमाऊंनी व गढ़वाली नृत्य और गीतों की प्रस्तुति के साथ उत्तराखण्ड के प्रमुख त्योहारों और उत्सवों को भी नाटिका द्वारा प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम का संचालन आयुषी मर्तोलिया ने किया। स्वागत भाषण डॉ. सुरेश मेहता और धन्यवाद उद्यबोधन डॉ. पंकज शाह ने किया।

इस अवसर पर संस्थान के होटल प्रबंधन विभाग के सीओओ डॉ. एसके सिंह ने विद्यार्थियों को उत्तराखंड दिवस की शुभकामनाए देते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से युवाओं में संस्कृति के प्रति प्रेम बढ़ता है। भोजन महोत्सवों व पैनल चर्चा के माध्यम से हम उत्तराखंड के भोजन को वैश्विक स्तर पर प्रचारित करने का प्रत्यन कर रहे हैं।

इस अवसर पर संस्थान के सचिव नरेंद्र ढींगरा, कोषाध्यक्ष बिन्दू चावला, निदेशक फैक्ल्टी ऑफ टैक्नोलॉजी एंड कम्प्यूटर एप्लीकेशन प्रो. एमके पाण्डेय, निदेशक फैक्ल्टी ऑफ कॉमर्स एंड बिजनेस मैनेजमेंट प्रो. ऋत्विक दूबे, फार्मा विभाग की प्राचार्या डॉ. गरिमा गर्ग, होटल प्रबंधन विभाग के डीन प्रो. प्रशांत शर्मा, शिक्षा विभाग के विभागाध्यक्ष प्रकाश पांडे, फूड प्रोडक्शन विभाग के एचओडी डॉ. विनोद नेगी, संजय पसरीचा आदि रहे।

संबंधित समाचार